इंदौर के बीटा इंडस्ट्रियल पार्क में भीषण आग, तीन फैक्ट्रियां चपेट में

पेंट और केमिकल के ड्रम होने से तेजी से फैली आग, लाखों-करोड़ों के नुकसान की आशंका
इंदौर। शहर में कालिंदी गोल्ड सिटी के पास स्थित बीटा इंडस्ट्रियल पार्क में रविवार सुबह करीब 7 बजे एक पेंट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास की दो अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग से बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बीटा इंडस्ट्रियल पार्क स्थित पेंट और केमिकल फैक्ट्री में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। वहां तैनात स्थानीय गार्ड ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक दमकल की टीम मौके पर पहुंचती और आग बुझाने के प्रयास शुरू होते, तब तक आग आसपास की दो अन्य फैक्ट्रियों तक फैल चुकी थी।
केमिकल के ड्रमों के कारण तेजी से फैली आग
फैक्ट्री में पेंट और केमिकल से भरे ड्रम रखे होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। घटनास्थल से उठता घना धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। आग की लपटों के कारण आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, आग की चपेट में आई तीनों फैक्ट्रियों में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जाना बाकी है।
अरविंदो अस्पताल से तीन किलोमीटर अंदर है औद्योगिक क्षेत्र
बीटा इंडस्ट्रियल पार्क अरविंदो अस्पताल से करीब तीन किलोमीटर अंदर की ओर स्थित है। आग लगने के कारणों का विस्तृत खुलासा नहीं हुआ है। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी भी सामने नहीं आई है।









