Popup Image
Advertisement

प्र.आरक्षक की संपत्ति पर लोकायुक्त का छापा, 29.73 करोड़ का मालिक निकला

पुलिसकर्मी फिरोज खान की आय 1.93 करोड़, खर्च 12.95 करोड़ रुपए मिला

Advertisement

33 अचल संपत्तियां, 21 बैंक खाते और 9 वाहनों के दस्तावेज मिले

अक्षरविश्व न्यूज देवास। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, इंदौर में पदस्थ प्रधान आरक्षक (चालक) फिरोज खान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। इंदौर और उज्जैन लोकायुक्त की आठ टीमों ने सुबह 6 बजे देवास स्थित आवास सहित 15 ठिकानों पर एक साथ सर्च शुरू की। कार्रवाई में अब तक आरोपी और उससे जुड़े लोगों के नाम पर 33 अचल संपत्तियों का पता चला है। इन संपत्तियों को खरीदने में करीब 11.57 करोड़ रुपए खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि इनका वर्तमान बाजार मूल्य करीब 29.73 करोड़ रुपए आंका गया है। इसके अलावा नौ वाहनों के दस्तावेज और देवास, इंदौर व उज्जैन के बैंकों में करीब 21 खाते मिलने की जानकारी भी लोकायुक्त ने दी है।

Advertisement

लोकायुक्त की जांच के अनुसार फिरोज खान को वेतन से करीब 75 लाख रुपए की आय हुई। अन्य स्रोतों से आय मिलाकर कुल आय 1 करोड़ 93 लाख 84 हजार 440 रुपए आंकी गई है। इसके मुकाबले अब तक की जांच में चल-अचल संपत्तियों पर करीब 12 करोड़ 95 लाख 72 हजार 28 रुपए खर्च किए जाने का पता चला है। इस तरह आय से करीब 11 करोड़ 1 लाख 87 हजार 588 रुपए अधिक खर्च का आकलन किया गया है। लोकायुक्त ने इसे ज्ञात आय से करीब 568 प्रतिशत अधिक बताया है।

बैंक खातों से राशि निकालने पर रोक

Advertisement

खुद, परिजन और परिचित महिला के नाम पर संपत्तियां तलाशी में सामने आई 33 अचल संपत्तियां आरोपी के स्वयं के नाम के अलावा पत्नी, मां, परिचित महिला रोशनी वर्मा और साहिल ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर होने की जानकारी मिली है। कुछ संपत्तियों को कथित बेनामी संपत्ति के रूप में भी जांच के दायरे में लिया गया है। लोकायुक्त अब संपत्तियों के दस्तावेज, वास्तविक स्वामित्व और खरीद में इस्तेमाल धन के स्रोतों की पड़ताल कर रही है।

21.75 बीघा जमीन का पंजीकृत अनुबंध भी जांच के दायरे में
लोकायुक्त के अनुसार, इंदौर जिले की सांवेर तहसील के ग्राम गुरान में करीब 21.75 बीघा कृषि भूमि का मामला भी सामने आया है। आरोप है कि फिरोज खान ने अपनी परिचित रोशनी वर्मा के नाम पर आवेदक के पिता से इस जमीन का पंजीकृत अनुबंध करवाया। मामले में संबंधित पक्षों के बीच जमीन के अनुबंध और लेन-देन की जांच की जा रही है।

ट्रक और स्कॉर्पियो सहित नौ वाहनों के दस्तावेज
तलाशी के दौरान ट्रक, कार, स्कॉर्पियो, स्कूटी और मोटरसाइकिल सहित करीब नौ वाहनों के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। लोकायुक्त की टीमों ने देवास के आदर्श नगर स्थित आवास सहित अन्य ठिकानों पर तलाशी ली। देवास और इंदौर स्थित कुछ आवासों पर कार्रवाई जारी थी, जबकि शेष स्थानों पर तलाशी पूरी होने की जानकारी दी गई।

आठ टीमों ने संभाली कार्रवाई की कमान
लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और इंदौर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। देवास में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान और दीपक सेजवार सहित अधिकारियों की टीम ने तलाशी ली। इंदौर में उप पुलिस अधीक्षक आनंद चौहान और दिनेशचंद्र पटेल सहित अधिकारियों ने कार्रवाई की। लोकायुक्त अब जब्त दस्तावेजों, बैंक खातों, कंपनियों के वित्तीय रिकॉर्ड और संपत्तियों के मूल्यांकन का सत्यापन कर रही है। तलाशी के दौरान सामने आए तथ्यों और धन के स्रोतों की विस्तृत जांच के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें