टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में पांच राउंड फायरिंग, एक्टर सुरक्षित

मुंबई।एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में कोटा पुलिस ने एक नाबालिग समेत 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें से दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि इनमें से दो ने फायरिंग की थी।
मुंबई क्राइम ब्रांच राजस्थान और गुजरात में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के बाद आरोपियों ने अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दी और बोरीवली जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। यह बाइक बरामद हो गई है।
यह था मामला …
एक्टर टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम 7 बजे मुंबई में फायरिंग हुई। टाइगर फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे तभी उनकी कार जुहू के पुष्पा पार्क के पास रुकी। यहां उन्हें देखने के लिए भीड़ जमा थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे और टाइगर की कार पर 5 राउंड फायरिंग की।
पुलिस के मुताबिक टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं। लेकिन फायरिंग में टाइगर के ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गोली लगी। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं। हमले के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट और ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली। लिखा कि सलमान खान के साथ काम करने वाले का यही अंजाम होगा। ऑडियो में खुद को अनिल पंडित बताने वाला शख्स सलमान खान को भी धमका रहा है। कह रहा है कि सलमान और उसके परिवार को खत्म कर देंगे।
डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद बताया कि एक्टर के दाएं हाथ पर बारूद से जलने के निशान हैं. उन्होंने कहा कि एक्टर और उनका परिवार घटना से चिंतित हैं. परिवार ने शिंदे को बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी या विवाद नहीं है.
शिंदे ने कहा कि मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार अभिनेता के परिवार के साथ हैं. उन्होंने भरोसा दिया कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
शिंदे ने कहा कि मुंबई में किसी गिरोह या व्यक्ति को डराने-धमकाने और गुंडागर्दी करने की इजाजत नहीं दी जाएगी. किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है. शिंदे ने फिल्मी हस्तियों से अपील की कि धमकी भरे कॉल मिलने पर वे तुरंत पुलिस को सूचना दें.









