उज्जैन में 3 दिन तक दशहरे की धूम! 10 जगह होगा रावण दहन, नोट कर लें तारीख और समय

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नवरात्र के पूरे होने के साथ ही शहर में दशहरा उत्सव की धूम शुरू हो गई है। मंगलवार से शहर में रावण के पुतलों का दहन शुरू होगा और लगातार तीन दिन तक अलग-अलग जगहों पर पुतले जलाए जाएंगे। शहर की सबसे पुरानी ओम अमरनाथ दशहरा आयोजन समिति इस बार 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन करेगी।
बारिश की संभावना को देखते हुए इस बार वाटरप्रुफ पुतला बनाया गया है। इस बार समिति दिवंगत ओम अमरनाथ खत्री की स्मृति में एक लाख रुपए का पुरस्कार भी प्रदान करेगी। पहला पुरस्कार देने सीएम डॉ. मोहन यादव आएंगे। बाबा महाकाल की सवारी भी मंगलवार को फ्रीगंज में आएगी। उत्सवप्रेमी उज्जैन वासी तीन दिन तक रावण जलाते है। इस बार भी 10 स्थानों पर अलग-अलग दिन पुतले जलाए जाएंगे। विजयादशमी का विजय मुहूर्त दोपहर 2:09 बजे से 2:55 बजे तक है।
कब कहां कितने ऊंचे पुतले का होगा दहन
दशहरा मैदान पर शाम 7 बजे 101 फीट ऊंचा वाटरप्रुफ रावण दहन होगा।
कार्तिक मेला मैदान में शाम 6:30 बजे 101 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा।
उन्हेल चौराहे और हीरामिल में रात 8 बजे रावण दहन होगा। उन्हेल चौराहे का रावण 101 फीट और हीरामिल का पुतला 51 फीट ऊंचा होगा।
बुधवार रात 8 बजे भैरवगढ़ सिद्धवट मैदान में 101 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा। रात 8:30 बजे खाकचौक में 51 फीट ऊंचे पुतले का दहन होगा जबकि शास्त्री नगर मैदान में रात 9 बजे 101 फीट ऊंचा चलित पुतला जताया जाएगा। डालडा मैदान में रात 9:30 बजे 101 फीट ऊंचे पुतले का दहन होगा।
गुरुवार को जालसेवा स्कूल मैदान पर रात 8 बजे सतरंगी रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
गेंदा फूल जमीन पर, थोक में 3-5 रु. किलो
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आमतौर पर दशहरे के दौरान आसमान पर रहने वाले गेंदे के फूल के दाम इस साल जमीन पर आ गए हैं। इसकी वजह फूल की भारी आवक है। किसानों ने पितृपक्ष में तुड़ाई नहीं की और ऐसे में भारी स्टॉक जमा हो गया। अब यह बाजार में निकाला जा रहा है तो दाम नहीं मिल रहे हैं।
थोक मंडी में गेंदा 5-10 रुपए प्रति किलो मिल रहा है। अगर मोल भाव किया जाए तो ३ रुपए तक भी कीमत मिल रही है। सोमवार की सुबह दूधतलाई स्थित थोक फूल मंडी में व्यापारियों के बीच अपना माल बेचने की इतनी जल्दी देखी गई कि वे पानी के भाव में फूल बेचने लगे। गेंदे की कीमत भले ही जमीन पर हो लेकिन त्योहारी मौसम में गुलाब और सुर्ख हो उठा है। उसके साथ ही मोगरे के भाव भी बढ़ गए हैं। थोक मंडी में गुलाब 100 से 200 रुपए प्रति किलो है तो खेरची में 300-400 तक। यही स्थिति मोगरा की भी है। यह भी 100 से 150 रुपए प्रति किलो बिक रहा है।
गेंदे के दाम में गिरावट का कारण भारी आवक है। भाव में भी कमी है, लेकिन दीपावली तक यह स्थिति बरकरार रहना कठिन है। दिवाली तक थोक में 70-80 रुपए किलो तक हो सकते हैं। अगर आवक ज्यादा रही तो दाम कम ही रहेंगे।
नवीन बारोड़, थोक व्यापारी, दूधतलाई
किसानों ने पितृपक्ष में तुड़ाई नहीं की थी। अब एक साथ तुड़ाई के बाद भारी आवक हुई तो भाव जमीन पर आ गए। अब भाव बढऩे की आशंका है, क्योंकि किसानों के पास स्टॉक खत्म हो जाएगा। हालांकि पिछले साल की तुलना में भाव कम ही रहेंगे।
नरेंद्र प्रजापत, किसान,ढाबला हर्दू









