फोन पर बात कर रहा था कार्डियक अरेस्ट से मौत

उज्जैन। मालनवासा की अवंतिकापुरी में रहने वाला एक युवक की चटपट मौत हो गई।वह सोमवार रात मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था तभी अचानक गिरकर बेसुध हो गया। पड़ोसी उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक जान जा चुकी थी। डॉक्टर का कहना है कि कार्डियक अरेस्ट से युवक की मृत्यु हुई है। नागझिरी थाना पुलिस ने शव का पीएम कराया है।
मालनवासा की अवंतिका पुरी का रहने वाला बलराम पिता सोहनलाल (35) पेशे से सेल्समैन था। वह मूलत: टोंककला का रहने वाला था। काम के सिलसिले में वह उज्जैन में मां कौशल्या व दो बच्चों के साथ रहता था। परिजन ने बताया कि सोमवार रात बलराम घर के बाहर मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था, तभी अचानक गिरकर वह बेहोश हो गया।
पड़ोसी ने उसे देखा और अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां परीक्षण के बाद डॉक्टर ने बलराम को मृत घोषित कर दिया । डॉक्टर के मुताबिक कार्डियक अरेस्ट से मौत हुई है। परिजन के मुताबिक उसकी पत्नी की डेढ़ साल पहले डिलेवरी के बाद मृत्यु हो चुकी थी।









