चक्रवात अर्नब से बिगड़ेगा मौसम मप्र-यूपी समेत कई राज्यों में अलर्ट

विशाखापट्टनम, एजेंसी। चक्रवाती तूफान अर्नब के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा में एहतियाती कदम उठाए गए हैं। दोनों राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, समुद्र में मछली पकडऩे पर रोक लगा दी गई है और राहत-बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है। तूफान के बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी मंगलवार तक स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। आंध्र प्रदेश सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए 20 जिलों को 27 करोड़ जारी किए हैं।
वहीं, राज्य में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 15 टीमें तैनात की गई हैं। दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश में ठंड का असर बढऩे लगा है। राज्य के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।









