9 लाख का डोडाचूरा लेकर जा रही 4 महिलाएं गिरफ्तार, खेतों में पुलिस ने घेरा

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के आलोट में पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। चारों महिलाएं प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा भरकर सिर पर रखे खेतों के रास्ते जा रही थीं। पुलिस ने उनके कब्जे से 60 किलो 750 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है, जिसकी कीमत 9 लाख 11 हजार 250 रुपए बताई गई है। पुलिस अब डोडाचूरा उपलब्ध कराने वाले गोपाल मालवीय की तलाश कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, आलोट थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर आरसी खड़िया को सोमवार दोपहर मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पिपलिया सिसोदिया की ओर से चार महिलाएं प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा लेकर खेतों के रास्ते आलोट रोड की तरफ आ रही हैं। वे बस पकड़कर बाहर जाने की तैयारी में थीं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने पिपलिया सिसोदिया रोड पर खेतों से आलोट रोड की ओर आने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर दी।
कट्टों की तलाशी में मिला 60 किलो डोडाचूरा
पुलिस ने सिर पर कट्टे रखकर आ रही चारों महिलाओं को रोककर पूछताछ की। कट्टों की तलाशी लेने पर उनमें डोडाचूरा मिला। मौके पर तौल करने पर कुल वजन 60 किलो 750 ग्राम निकला। जब्त मादक पदार्थ की कीमत 9 लाख 11 हजार 250 रुपए आंकी गई है।
झाबुआ की रहने वाली हैं चारों महिलाएं
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चारों महिलाएं झाबुआ जिले की रहने वाली हैं। मामले में डोडाचूरा उपलब्ध कराने वाले गोपाल मालवीय की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।









