34 लाख की जमीन बेचने पहुंचे पिता और पुत्र फर्जी आधार कार्ड से खुला धोखाधड़ी का खेल

एक ही जमीन का दो लोगों से 82 लाख में किया सौदा, एक खरीदार से 5 लाख रुपए लेने का भी आरोप
बिरलाग्राम पुलिस ने 24 घंटे में दो को पकड़ा, तीसरा फरार
अक्षरविश्व न्यूज नागदा। जमीन की कीमत 34 लाख रुपए तय हुई, सौदा करने वाले खुद को जमीन का मालिक बताकर रजिस्ट्री कराने पहुंच गए, लेकिन दस्तावेजों की जांच में फर्जी आधार कार्ड का खेल सामने आ गया। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने इसी जमीन का सौदा एक अन्य व्यक्ति से भी 48 लाख रुपए में कर रखा था।
इस तरह एक ही जमीन को दो अलग-अलग खरीदारों को बेचने की कोशिश में 82 लाख रुपए का सौदा किया गया। मामले में बिरलाग्राम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है।
मामला ग्राम पाड़ल्या कला स्थित कृषि भूमि सर्वे क्रमांक 198 का है। करीब तीन बीघा जमीन के मालिक मूलचंद के नाम का फर्जी आधार कार्ड तैयार कर आरोपियों अर्जुन सिंह, उसके बेटे श्याम सिंह और भैरु सिंह ने जमीन बेचने की योजना बनाई। फरियादी यूनुस अली निवासी आदिनाथ कॉलोनी नागदा ने 29 अक्टूबर को पुलिस को शिकायत की कि आरोपियों ने उक्त जमीन का सौदा उसके साथ 34 लाख रुपए में किया था। रजिस्ट्री की प्रक्रिया के दौरान फर्जी आधार कार्ड का मामला सामने आया। इस जमीन पर असली मालिक की ओर से कैलाश कुमावत निवासी पाड़ल्या कला ने भी आपत्ति दर्ज करा रखी थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने इसी जमीन का सौदा फिरोज उद्दीन निवासी झिरनिया के साथ 48 लाख रुपए में किया था। इस सौदे में पांच लाख रुपए नकद लेकर एग्रीमेंट भी किया गया था। इस प्रकार आरोपियों ने एक ही जमीन को दो लोगों को बेचने का प्रयास किया गया।
दोनों आरोपियों को लिया रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन पिता रामसिंह सोंधिया (65) और श्यामसिंह पिता अर्जुनसिंह सोंधिया (36), दोनों निवासी नया खेड़ा, तालोद, रतलाम शामिल हैं। तीसरा आरोपी भैरु सिंह निवासी मनुनिया ताल फंटे के पास अभी फरार है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। फर्जी आधार कार्ड सहित अन्य साक्ष्य और माल-मश्रुका की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी बिरलाग्राम जितेन्द्र पाटीदार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संजय माथुर, शांतिलाल मौर्य, सहायक उपनिरीक्षक भूरिया मोरे, प्रधान आरक्षक रामेश्वर पटेल, गोपाल चावला, रमन पाल एवं आरक्षक संदीप राठौर की भूमिका रही।
लाल गेट के पास पकड़ाए पिता-पुत्र-मामले में बिरलाग्राम पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि अर्जुन सिंह और उसका बेटा श्याम सिंह लाल गेट के पास दोबारा जमीन की खरीद-फरोख्त के सिलसिले में खड़े हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक की-पैड मोबाइल और एक एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया है।







