खील-बताशे खरीदकर एसपी बोले, अभी खा सकते हैं क्या

स्निफर डॉग व घोड़ों के साथ त्योहारी सीजन में निकला पुलिस अमला
मातहतों को भी बांटा और खुद भी खाई, करीब 6 किलोमीटर पैदल चलें
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पुलिस के स्निफर डॉग, घोड़ों के साथ एसपी प्रदीप शर्मा गुरुवार को त्योहारी बाजार की जांच करने निकल पड़े। कोट मोहल्ला से शुरू हुआ उनका पैदल भ्रमण फाजलपुरा तक चला। इस दौरान नजर अली मिल परिसर के बाहर खील-बताशे बेच रही महिला से उन्होंने खरीदी की और पूछा भूख लग रही है क्या इसे अभी खा सकते हैं? महिला के हां कहने पर एसपी ने खील-बताशे खाए और अपने मातहतों को भी खिलाएं।
दरअसल, सनातनियों का सबसे बड़े त्योहार दिवाली की धूम शुरू हो गई है। बाजार सज चुके हैं और खरीदी भी चल रही है। ऐसे में बाजार की सुरक्षा परखने के लिए एसपी निकले थे। लाइन का घुड़सवार दल, स्निफर डॉग के साथ बम डिस्पोजल यूनिट भी साथी थी। कोट मोहल्ला से टीम ने जांच शुरू की।
लखेरवाड़ी, छत्रीचौक, सतीगेट, कंठाल चौराहा, तेलीवाड़ा, निकास, सेंट्रल कोतवाली रोड, निजातपुरा होते हुए टीम नजरअली मिल परिसर पहुंची। रास्ते में एसपी ने खील-बताशे,रूई विक्रेता, धानी व्यापारियों से चर्चा की। नजरअली परिसर के बाहर खील-बताशे और धानी बेच रही एक महिला से उन्होंने खरीदी की और उससे पूछा कि इसे अभी खा सकते हैं या पूजन के बाद। महिला ने कहा कि अभी भी खा सकते हैं।
पटाखा वालों को चेतावनी, बगैर सुरक्षा के दुकान नहीं लगाएं
नजरअली मिल परिसर में पटाखा दुकानों की जांच करने पहुंचे एसपी को दो दुकानों में आग से बचाव के उपकरण नहीं मिले। ऐसे में उन्होंने कहा कि बगैर फायर उपकरण के दुकान नहीं खोली जा सकेगी। उन्होंने साथ चल रहे लोगों को हिदायत दी कि वे इस बात का ख्याल रखें। पटाखा दुकानों से निकलकर एसपी फाजलपुरा तक गए और यहां अपना दौरा खत्म किया।









