रेलवे स्टेशन में सो रहे रिटायर हवलदार का मोबाइल चोरी

उज्जैन। रेलवे स्टेशन परिसर में सो रहे रिटायर हवलदार का अज्ञात बदमाश ने मोबाइल चोरी कर लिया। उन्होंने जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रायपुर के बालाराम पिता घसियाराम अपने पड़ोसी वीरेंद्र के साथ उज्जैन दर्शन करने आए थे। रायपुर लौटने के लिये दोनों रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, लेकिन ट्रेन नहीं मिलने के कारण वह पूछताछ कार्यालय के पास परिसर में सो गए।
बालाराम की जब नींद खुली तो देखा पेंट की जेब में रखा 18 हजार रुपए कीमत का मोबाइल नहीं था। उन्होंने बताया कि परिसर में सो रहे 4-5 अन्य यात्रियों के भी मोबाइल चोरी हुए हैं, जो आरपीएफ में शिकायत लेकर गए थे। बालाराम पुलिस विभाग में हवलदार के पद से रिटायर हुए हैं।
कैमरे की नजर से दूर
बालाराम ने बताया कि स्टेशन परिसर में वे जहां सो रहे थे वहां तक सीसीटीवी कैमरे की रेंज नहीं है। संभवत: बदमाश को भी इसकी जानकारी थी। इस कारण बदमाश यात्रियों के मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम देने में सफल हो रहे हैं।









