शहडोल में पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे 4 युवक, तीन मृत

अक्षरविश्व न्यूज शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में सोमवार शाम पुलिस वाहन देखकर चार युवक तालाब में कूद गए। इनमें तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक तैरकर बाहर निकल आया। करीब एक घंटे बाद एसडीईआरएफ की टीम ने तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना चौपाटी के पीछे स्थित तालाब की है। इसके बाद जिला अस्पताल में परिजन ने हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच हुई। सूचना मिलते ही सोहागपुर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर तालाब में तलाश शुरू की गई।
मृतकों की पहचान घरौला मोहल्ला निवासी समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। तीनों युवक कांग्रेस भवन के पीछे वंशकार मोहल्ले में रहते थे। वहीं, पुष्पेंद्र उर्फ पंकज की हालत गंभीर है। उसका इलाज जारी है।









