स्वच्छता में फिर इंदौर का परचम, अवॉर्ड लेकर लौटे महापौर पुष्यमित्र भार्गव; ढोल-नगाड़ों से हुआ भव्य स्वागत

इंदौर। स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर ने एक बार फिर अपनी उपलब्धि का परचम लहराया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में देश में सर्वाधिक अंक हासिल करने के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव अवॉर्ड और ट्रॉफी लेकर इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर नगर निगम कर्मचारियों और स्वच्छता के प्रति समर्पित लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर में उत्साह और जश्न का माहौल नजर आया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव एयरपोर्ट से खुली जीप में ट्रॉफी लेकर निकले। इस दौरान जीप में एक महिला सफाई मित्र को भी सम्मान के साथ बैठाया गया। यह दृश्य स्वच्छता अभियान में सफाई मित्रों के योगदान और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देने का संदेश देता नजर आया। स्वागत के दौरान मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ महापौर का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर महापौर ने इंदौर की उपलब्धि के साथ देपालपुर की सफलता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इंदौर के साथ देपालपुर को भी स्वच्छता के क्षेत्र में आगे लाना एक बड़ी उपलब्धि है। स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था का काम नहीं, बल्कि इसमें शहर के नागरिकों, सफाई मित्रों और नगर निगम की पूरी टीम का योगदान है।
महापौर ने कहा कि स्वच्छता के लिए शहर में किए जा रहे प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इंदौर को स्वच्छ बनाए रखने के साथ स्वच्छता के नए मानक स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। एयरपोर्ट पर हुए इस स्वागत समारोह ने एक बार फिर स्वच्छता अभियान से जुड़े लोगों के उत्साह को प्रदर्शित किया।








