उज्जैन के युवकों ने दिल्ली के मॉल से चुराई चेन, तीन आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन। उज्जैन के तीन युवक दिल्ली-पंजाब घूमने गए। यहां के एक मॉल से उन्होंने सोने की चेन चुरा ली। यह चेन बेच भी दी। एक आरोपी को दिल्ली पुलिस ने वहीं धर लिया, जबकि दो भागकर उज्जैन आ गए। इनको भी दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है।
नीलगंगा टीआई तरुण कुरील ने बताया कि मक्सी रोड का रहने वाला 25 साल का अंगद यादव पिता संजय यादव अपने दो दोस्तों विवेकानंद कॉलोनी के अर्पित मंडेरिया और जबरन कॉलोनी के एक दोस्त के साथ दिल्ली और पंजाब घूमने गया था। दिल्ली के एक ज्वेलरी मॉल मे यह खरीदी करने पहुंचे थे। यहां से इन्होंने एक सोने की चेन गायब कर दी।
मॉल के सीसीटीवी फुटेज में इनकी हरकत कैद हो गई। यहां से तीनों पंजाब चले गए और वहंा के एक शहर में चेन भी बेच दी। तब तक ज्वेलर्स ने पुलिस में शिकायत कर दी थी। पुलिस तीनों को तलाश रही थी। इनकी लोकेशन मिलने पर पुलिस ने अंगद को तो पंजाब से धर लिया लेकिन बाकी दोनों भागकर उज्जैन आ गए, दो दिन पहले दिल्ली पुलिस उज्जैन पहुंची थी। यहां नीलगंगा पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।









