मीनाक्षी शेषाद्रि के जन्मदिन पर जानें 10 खास किस्से

बॉलीवुड की खूबसूरत और टैलेंटेड अभिनेत्रियों में शामिल मीनाक्षी शेषाद्रि आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। 80 और 90 के दशक में उन्होंने अपनी एक्टिंग और शानदार डांस से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। फिल्म ‘हीरो’ से उन्हें जबरदस्त पहचान मिली। इसके बाद ‘घायल’, ‘दामिनी’, ‘डकैत’ और ‘घर हो तो ऐसा’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब पसंद किया गया।
16 नवंबर 1963 को जन्मीं मीनाक्षी शेषाद्रि आज अपना 63वां जन्मदिन मना रही हैं। सनी देओल के साथ उनकी जोड़ी भी काफी हिट रही। एक इंटरव्यू में उन्होंने सनी देओल के साथ अपनी ऑनस्क्रीन जोड़ी की तुलना धर्मेंद्र और हेमा मालिनी से की थी। आइए उनके जन्मदिन पर जानते हैं उनसे जुड़े 10 दिलचस्प किस्से।
1. लगातार फ्लॉप फिल्मों के बाद कहा जाने लगा था पनौती
मीनाक्षी के करियर में एक समय ऐसा भी आया, जब उनकी कई फिल्में लगातार फ्लॉप हो गईं। उस दौरान कुछ गॉसिप मैगजीन और पत्रकारों ने उन्हें ‘जिंक्स’ यानी पनौती कहना शुरू कर दिया था। लोगों को लगने लगा था कि उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर नहीं चलेंगी। हालांकि, मीनाक्षी ने इन बातों पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने भगवद्गीता की सीख को अपनाया और अपने काम पर फोकस रखा। साल 1990 में उनकी फिल्म ‘घायल’ और ‘घर हो तो ऐसा’ सफल रहीं।
2. आठ साल तक बॉक्स ऑफिस पर छाई रहीं मीनाक्षी
साल 1985 से 1993 तक मीनाक्षी शेषाद्रि के करियर का शानदार दौर रहा। इस दौरान उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया। खास बात यह थी कि इसी समय श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित और जूही चावला जैसी अभिनेत्रियां भी बॉलीवुड में अपनी पहचान बना रही थीं। मीनाक्षी खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें इन सभी बेहतरीन अभिनेत्रियों के साथ काम करने का मौका मिला।
3. स्कूल बस से देखा था अमिताभ बच्चन और रेखा का शूट
मीनाक्षी ने अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया था। जब वह 12वीं कक्षा में थीं, तब स्कूल बस से घर लौटते समय उन्होंने अमिताभ बच्चन और रेखा को फिल्म ‘सिलसिला’ की शूटिंग करते देखा था। कई साल बाद उन्हें अमिताभ के साथ फिल्म ‘शहंशाह’ में काम करने का मौका मिला। एक गाने की शूटिंग के दौरान वह अमिताभ के पीछे बाइक पर बैठी थीं। तब उन्होंने उन्हें स्कूल के दिनों वाला किस्सा याद दिलाया।
4. ‘दामिनी’ के बाद चुनिंदा फिल्में करने का फैसला
फिल्म ‘दामिनी’ मीनाक्षी के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में उन्होंने एक ऐसी महिला का किरदार निभाया, जो अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती है। मीनाक्षी चाहती थीं कि फिल्मों में उनके किरदार की भी उतनी ही अहमियत हो जितनी हीरो की होती है। वह केवल गानों और कुछ दृश्यों तक सीमित नहीं रहना चाहती थीं। ‘दामिनी’ के बाद उन्होंने तय किया कि अब सिर्फ नाम के लिए फिल्में नहीं करेंगी।

5. कमल हासन की जगह मीनाक्षी को मिली थी ‘हीरो’
फिल्म ‘हीरो’ ने मीनाक्षी को घर-घर में पहचान दिलाई थी। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि शुरुआत में इस फिल्म के लिए कमल हासन को साइन किया गया था। बाद में कुछ कारणों से कास्टिंग में बदलाव हुआ और सुभाष घई ने जैकी श्रॉफ और मीनाक्षी शेषाद्रि को फिल्म में मौका दिया। मीनाक्षी को बिना स्क्रीन टेस्ट के ही फिल्म में साइन कर लिया गया था। फिल्म रिलीज होने के बाद शुरुआत में इसकी रफ्तार धीमी रही, लेकिन तीसरे हफ्ते से इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया।
6. गाने की शूटिंग में उंगली में घुस गया था कांटा
फिल्म ‘हीरो’ के गाने ‘तू मेरा हीरो है’ की शूटिंग के दौरान मीनाक्षी के साथ एक हादसा हुआ था। शूटिंग के समय उनकी उंगली में बड़ा कांटा घुस गया। इसके बावजूद उन्होंने शूटिंग नहीं रुकवाई और जैकी श्रॉफ के साथ गाने की शूटिंग पूरी की। पैकअप होने के बाद उनकी उंगली से कांटा निकाला गया। मीनाक्षी ने अपने इस अनुभव का श्रेय बचपन में मिली खेल और डांस की ट्रेनिंग को दिया था।

7. सनी देओल के साथ जोड़ी को बताया धर्मेंद्र-हेमा जैसी
मीनाक्षी शेषाद्रि और सनी देओल ने ‘डकैत’, ‘घायल’ और ‘दामिनी’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया। दोनों की जोड़ी दर्शकों को काफी पसंद आई। एक इंटरव्यू में मीनाक्षी ने बताया कि उनकी और सनी की पृष्ठभूमि अलग होने के बावजूद पर्दे पर दोनों की केमिस्ट्री शानदार रही। उन्होंने अपनी जोड़ी की तुलना धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की जोड़ी से की थी।
8. ‘डकैत’ का किसिंग सीन सेंसर बोर्ड ने हटवा दिया था
फिल्म ‘डकैत’ से जुड़ा एक किस्सा भी काफी चर्चा में रहा। मीनाक्षी के मुताबिक, फिल्म के गाने ‘किस कारण नैया डोली’ की शुरुआत में सनी देओल और उनके बीच लिप-टू-लिप किसिंग सीन फिल्माया गया था। हालांकि, यह सीन दर्शकों को फिल्म में देखने को नहीं मिला। सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कुछ हिंसक दृश्यों को मंजूरी देने के बदले इस किसिंग सीन को हटाने की शर्त रखी थी।

9. अनिल कपूर के साथ रहती थी काम को लेकर प्रतिस्पर्धा
मीनाक्षी ने अपने करियर में सबसे ज्यादा फिल्मों में अनिल कपूर के साथ काम किया। दोनों ने करीब 7 से 8 फिल्मों में साथ काम किया था। मीनाक्षी के मुताबिक, उनके बीच हमेशा एक हेल्दी कॉम्पिटिशन रहता था। दोनों एक-दूसरे से बेहतर काम करने की कोशिश करते थे। यह प्रतिस्पर्धा दोस्ती को खराब करने के बजाय दोनों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती थी
10. शादी के बाद फिल्मों से बनाई दूरी, अब वापसी की तैयारी
अपने सफल फिल्मी करियर के बाद मीनाक्षी ने अभिनय की दुनिया से दूरी बना ली थी। वह करीब 30 साल तक अमेरिका में रहीं। अब एक बार फिर वह फिल्मों में वापसी की तैयारी कर रही हैं। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने पुणे और मुंबई में रहते हुए कई फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स की स्क्रिप्ट पढ़ी हैं। मीनाक्षी चाहती हैं कि फिल्मों में महिलाओं को सिर्फ ग्लैमर या आइटम सॉन्ग तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनके असली जीवन, सोच और संघर्ष को भी दिखाया जाए। मीनाक्षी अब पहले अभिनय में अपनी दूसरी पारी शुरू करना चाहती हैं। इसके बाद वह निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रखने की इच्छा रखती हैं।
मीनाक्षी शेषाद्रि का फिल्मी सफर सफलता, संघर्ष और आत्मविश्वास की मिसाल रहा है। यही वजह है कि पर्दे से दूर रहने के बावजूद आज भी उनके चाहने वाले उन्हें बड़े पर्दे पर दोबारा देखने का इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़े: बॉलीवुड की चौथी सबसे बड़ी फिल्म बनी ‘रामायण’









