ज्वेलरी दुकान पर बेचने पहुुंचे आभूषण, पुलिस ने दबोच लिया, सोने-चांदी के जेवरात बरामद

सूने मकान का ताला तोड़कर की थी चोरी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सूने मकान में दो युवकों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिर वे आभूषण बेचने ज्वेलर्स के यहां पहुंच गए। पुलिस को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने दोनोंं को दबोच लिया। आरोपियों से ५५ हजार रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
दरअसल, नीलगंगा थाना क्षेत्र के दत्तनगर के रहने वाले देवेंद्र सिंह सोलंकी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि इंदौर रोड पर टीला तालाब के पास रहने वाली उनकी भाभी कमलेश सोलंकी के मकान में चोरी हो गई है। बदमाश मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चुरा ले गए हैं। नीलगंगा थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो आरोपी सिद्धि कॉलोनी स्थित सुनार की दुकान पर सोने-चांदी के आभूषण बेचने पहुंचे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध भागने लगे। ऐसे में घेरकर दोनों को पकड़ा गया। पूछताछ में इन्होंने अपना नाम भोलाराम यादव एवं हरी यादव बताया। भोलाराम से सोने की अंगूठी बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 30,000 है। हरी यादव से चांदी की पायजेब एवं चांदी के अन्य जेवरात (बिछुड़ी एवं अंगूठी) मिले हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 25,000 रुपए है।
युवा है चोर आरोपियों में भोलाराम की उम्र 20 और हरी यादव की 18 साल है। दोनों कमला नेहरू नगर के रहने वाले हैं।









