इंदौर-दाहोद रेल लाइन : टीही-धार के बीच ट्रेन संचालन को मिली हरी झंडी

47 किमी लंबे रेलखंड पर यात्री और मालगाडिय़ां चलाने की अनुमति
अक्षरविश्व न्यूज रतलाम। इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत टीही-धार रेलखंड पर यात्री और मालगाडिय़ों के नियमित संचालन का रास्ता साफ हो गया है। रेल संरक्षा आयुक्त, पश्चिम परिमंडल ने करीब 47 किलोमीटर लंबी नवनिर्मित बड़ी रेल लाइन को परिचालन के लिए खोलने की अनुमति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही इंदौर-दाहोद रेल लाइन परियोजना को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। अब इस रेलखंड पर नियमित रेल सेवाएं शुरू करने की दिशा में रेलवे आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रेल संरक्षा आयुक्त ने 5 और 6 नवंबर 2026 को टीही से धार स्टेशन तक नवनिर्मित रेलखंड का ट्रॉली और पैदल निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग, विद्युतीकरण और रेल संरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी मानकों की बारीकी से जांच की गई। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के माध्यम से गति परीक्षण भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी टिप्पणियों और बिंदुओं पर रेलवे अधिकारियों ने आवश्यक स्पष्टीकरण और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की। रेलवे की ओर से दिए गए जवाब और व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद रेल संरक्षा आयुक्त ने इस रेलखंड पर यात्री और मालगाडिय़ों के नियमित संचालन की अनुमति दे दी। अब टीही-धार रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हुआ था ट्रायल
टीही-धार रेलखंड पर रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण से पहले 2 नवंबर 2026 को इलेक्ट्रिक इंजन का सफल स्पीड ट्रायल किया गया था। पहली बार इस नवनिर्मित ट्रैक पर इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव को अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया। चार चरणों में किए गए इस परीक्षण के दौरान रेल ट्रैक की मजबूती, विद्युतीकरण व्यवस्था और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की गई थी। मुख्य अभियंता निर्माण धीरज कुमार सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी इस परीक्षण के दौरान मौजूद रहे। स्पीड ट्रायल में मिली सफलता के बाद 5 और 6 नवंबर को रेल संरक्षा आयुक्त ने टीही से धार तक रेलखंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण और तकनीकी अनुपालन पूरा होने के बाद अब नियमित परिचालन की अनुमति मिल गई है।
इंदौर-दाहोद रेल परियोजना को मिली बड़ी उपलब्धि
टीही-धार रेलखंड को परिचालन की अनुमति मिलना इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। इस रेलखंड पर यात्री और मालगाडिय़ों का संचालन शुरू होने से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। साथ ही धार और आसपास के क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोडऩे की दिशा में भी प्रगति होगी। नई रेल लाइन से भविष्य में यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही माल परिवहन को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्य लाइन पर 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
रेलवे की ओर से निर्धारित गति सीमा के अनुसार, नवनिर्मित रेलखंड की मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनें अधिकतम 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगी। वहीं, टनल वाले हिस्से में अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। निर्धारित गति सीमा के अनुसार ही इस रेलखंड पर यात्री और मालगाडिय़ों का परिचालन किया जाएगा।









