राजीव नहीं रहे तो टूट गई थी, राहुल-प्रियंका ने माता-पिता बनकर संभाला : सोनिया गांधी

किताब लॉन्चिंग में भावुक हुईं सोनिया, प्रियंका ने गले लगाया
नईदिल्ली, एजेंसी। सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव सोमवार को दिल्ली में लॉन्च की गई। कार्यक्रम के शुरुआत में सोनिया के जीवन पर शॉर्ट फिल्म दिखाई गई, तो वह भावुक हो गईं। इस दौरान उन्होंने कहा- राजीव गांधी नहीं रहे तो मैं टूट गई थी। राहुल-प्रियंका ने संभाला, वही मेरे माता-पिता बन गए थे। कार्यक्रम में राहुल-प्रियंका के साथ कांग्रेस शासित राज्यों हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरलम और कर्नाटक के मुख्यमंत्री हैं। सोनिया की किताब 10 नवंबर को ही बाजार में आ चुकी है।
सोनिया गांधी ने कहा- मैं इंदिरा गांधी से बहुत डरती थी। मुझे समझ नहीं आता था कि उनके पास कैसे जाऊं और उनसे क्या कहूं। मेरे पति और उनके भाई संजय उन्हें ‘मां’ कहकर बुलाते थे, इसलिए मुझसे भी उम्मीद की जाती थी कि मैं उन्हें मां या मम्मी कहूं। लेकिन मैं ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहती थी। क्योंकि मेरे लिए मां सिर्फ एक ही थीं और वह मेरी अपनी मां थीं, मेरी इतालवी मां। मैं इंदिरा गांधी को अपनी मां नहीं कह सकती थी।
इसलिए मैं हमेशा ऐसा तरीका ढूंढती रहती थी कि उनसे सीधे बात करने के बजाय किसी दूसरे तरीके से अपनी बात कह सकूं और मुझे उन्हें मां न कहना पड़े। हालांकि, धीरे-धीरे जब मैं उन्हें समझने लगी और उनके करीब आई, तो उन्हें मां कहना शुरू कर दिया, लेकिन इसमें काफी समय लगा। मैं हमेशा से अपने अंदर की भावनाओं और चीजों, लोगों और जगहों के बारे में जो महसूस करती हूं, उसे जाहिर करने में बहुत हिचकिचाती रही हूं।









