PM मोदी ने कंपनियों को दिखाया आईना, फिक्की के मंच से कही बड़ी बात

मैंने टैक्स में छूट दी, आपने कर्मचारियों को क्या दिया?
आपकी भूख इतनी है कि कितना भी खिलाओ, पेट नहीं भरता…
स्वदेशी और बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पादों पर दें जोर
नईदिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के 100वें स्थापना दिवस समारोह में देश के बड़े उद्योगपतियों को कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार बढ़ाने के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत किया और 12 लाख रुपए तक की सालाना आय को टैक्स फ्री किया, लेकिन उद्योग जगत ने इसके बदले कर्मचारियों को क्या दिया?
क्या कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई और रोजगार के नए अवसर पैदा किए? प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कंपनियों का रवैया ऐसा है कि ‘मोदी जी, आप करिए, हम तो सिर्फ देखते रहेंगे।Ó उन्होंने कहा कि उद्योग जगत को केवल अपने मुनाफे के बारे में नहीं, बल्कि देश और कर्मचारियों के हितों के बारे में भी सोचना चाहिए। तंज कसते हुए कहा कि आपकी भूख इतनी है कि कितना भी खिलाओ, पेट नहीं भरता।
140 करोड़ भारतीयों को हल्के में न लें
पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से कहा कि वे 140 करोड़ भारतीयों को हल्के में न लें और उन्हें केवल अपना पक्का ग्राहक न समझें। कंपनियों को यह मानकर नहीं चलना चाहिए कि उनका उत्पाद भारतीय बाजार में आसानी से बिक जाएगा। इसके बजाय उत्पाद की गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कंपनियां ग्राहकों को यह कहकर उत्पाद बेचती हैं कि यह एक्सपोर्ट क्वालिटी का है। आखिर देश के नागरिक अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पादों के हकदार क्यों नहीं हैं?
गांधीजी के स्वदेशी संदेश की दिलाई याद
प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी के स्वदेशी अपनाने के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि 100 साल बीत जाने के बाद भी उद्योग जगत को स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का महत्व याद दिलाना पड़ रहा है। आखिर आज भी वही बातें क्यों दोहरानी पड़ रही हैं। मेरी बात मत मानिए, कम से कम गांधीजी की तो मानिए।
‘क्वालिटी का भरोसा दिलाने के लिए एक्सपोर्ट क्वालिटी कहना पड़ता है’
पीएम ने कहा,’आप कस्टमर्स से कहते हैं, अरे लीजिए एक्सपोर्ट क्वालिटी है। आप देश के लोगों को क्या समझते हो भाई? क्या वो अच्छी क्वालिटी का हकदार नहीं है क्या? आज भी आपको ग्राहक को कहना पड़ता है कि एक्सपोर्ट क्वालिटी है। उसको भी लगता है, उन लोगों के लिए होगी तो अच्छी होगी। इस सोच को बदलना होगा। मेरे देशवासी क्वालिटी के हकदार हैं।
अगले 10 साल के विकास की बनाएं योजना
प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से अगले 10 वर्षों में देश के विकास के लिए अपने योगदान पर विचार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 100 साल का इंतजार करने के बजाय अभी से यह तय करना चाहिए कि आने वाले दशक में देश को आगे बढ़ाने के लिए क्या किया जा सकता है। उन्होंने कारोबारियों से अपनी समस्याएं और सुधारों से जुड़े सुझाव बिना झिझक सरकार के सामने रखने को कहा। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार उद्योग जगत के साथ खड़ी है।









