धूल के गुबार में घुट रही उज्जैन की सांसें, प्रदूषित हवा से खांसी और सांस के मरीजों की परेशानी

पीएम 2.5 और पीएम 10 का बढ़ता स्तर सुरक्षित सीमा से कई गुना अधिक, रात में और बिगड़ रही हवा की गुणवत्ता
निर्माण कार्यों के बीच धूल नियंत्रण बड़ी चुनौती, बच्चों और बुजुर्गों की सेहत के लिए खतरा बन रहे कण
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में इन दिनों विकास कार्यों की रफ्तार तेज है। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत कहीं सड़कों का चौड़ीकरण हो रहा है तो कहीं नई सड़कें बनाने के लिए खुदाई और निर्माण कार्य जारी हैं। पाइपलाइन, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम भी अलग-अलग क्षेत्रों में चल रहे हैं। विकास की इस हलचल के बीच शहर की आबोहवा बिगड़ रही है। उड़ती धूल, सड़कों पर जमा मिट्टी और वाहनों की आवाजाही से हवा में धूल के बारीक कणों की मात्रा बढ़ रही है। पीएम 2.5 और पीएम 10 का बढ़ता स्तर सेहत के लिए चिंता का विषय बन गया है। खांसी, गले में खराश, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ रहा है। खासकर दमा, एलर्जी और सांस संबंधी बीमारियों से पीडि़त मरीजों के लिए यह स्थिति ज्यादा मुश्किल पैदा कर सकती है।
शहर में पीएम 2.5 का औसत स्तर 58 से 104 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर के बीच बताया जा रहा है, जबकि रात के समय कुछ इलाकों में यह 170 माइक्रोग्राम से भी ऊपर पहुंच रहा है। इसी तरह पीएम 10 का स्तर 60 से 132 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर के बीच बना हुआ है। अधिक प्रदूषण वाले क्षेत्रों में यह 200 माइक्रोग्राम के पार भी दर्ज हुआ है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की 24 घंटे की गाइडलाइन के अनुसार पीएम 2.5 का स्तर 15 और पीएम 10 का स्तर 45 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर से अधिक नहीं होना चाहिए। इस लिहाज से शहर में दर्ज आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं।
उड़ रही धूल, हवा में घुल रहे कण
सिंहस्थ की तैयारियों के लिए शहर में एक साथ कई स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। सड़क चौड़ीकरण के लिए भवनों के हिस्से हटाए जा रहे हैं। कहीं सड़कें खोदकर नई बनाई जा रही हैं तो कहीं निर्माण सामग्री खुले में रखी हुई है। खुदाई के बाद सड़कों पर जमा मिट्टी और मलबा आवाजाही से हवा में उड़ता है। निर्माण स्थलों पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने और निर्माण सामग्री ढंककर नहीं रखने से धूल फैलती है। पीएम 10 के स्तर में सड़क और निर्माण स्थलों की धूल का योगदान हो सकता है, जबकि पीएम 2.5 में वाहनों के धुएं और अन्य स्रोतों से निकलने वाले सूक्ष्म कण भी शामिल होते हैं। ऐसे में निर्माण कार्यों के साथ धूल नियंत्रण के इंतजाम करना भी जरूरी हो गया है।
फेफड़ों तक पहुंच रहे सूक्ष्म कण सांस के मरीजों को ज्यादा खतरा
हवा में मौजूद पीएम 2.5 के कण इतने छोटे होते हैं कि सांस के साथ फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। इससे श्वसन तंत्र प्रभावित होता है। लगातार खांसी, गले में खराश, नाक में जलन, आंखों से पानी आना, छींक और सांस फूलने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। पहले से अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और सीओपीडी से पीडि़त मरीजों में सांस की तकलीफ बढ़ सकती है। लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से फेफड़ों की कार्यक्षमता प्रभावित होने के साथ हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है। बच्चों के फेफड़े विकास की अवस्था में होते हैं, इसलिए उन पर प्रदूषण का असर अधिक हो सकता है। वहीं बुजुर्गों और हृदय रोगियों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
सुबह-शाम की सैर से बचें मास्क का करें उपयोग
डॉक्टरों का कहना है कि वायु प्रदूषण अधिक रहने पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी पीडि़तों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। खासकर सड़क किनारे और निर्माण स्थलों के आसपास ज्यादा समय बिताने से परहेज करना चाहिए। सुबह और देर रात खुले में व्यायाम या सैर के बजाय हवा की गुणवत्ता बेहतर होने के समय का चयन करना चाहिए। बाहर निकलना जरूरी हो तो अच्छी गुणवत्ता वाला एन-95 मास्क उपयोग करना चाहिए। लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या सीने में जकडऩ होने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
इनका कहना है
मौजूदा धूल- मिट्टी लोगों की सेहत पर विपरीत असर डाल रही है। अस्पताल में खांसी सर्दी के साथ ही सांस की तकलीफ वाले मरीज पहुंच रहे है। मरीजों को उचित उपचार दिया जा रहा है। अभी के समय में लोग सुबह और शाम की सैर करने से बचे।
– डॉ. जितेंद्र शर्मा, जिला चिकित्सालय उज्जैन









