गोपाल मंदिर मेनगेट से दो महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी

उज्जैन। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के बाद गोपाल मंदिर दर्शन करने पहुंची दो महिलाओं के गले से सोने का मंगलसूत्र अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया। उनकी शिकायत खाराकुआं थाने पहुंची है। पुलिस ने आवेदन लिया है।
सरिता मेवाड़ा पति दिलीप मेवाड़ा निवासी रानी बड़ोद शाजापुर कार्तिक पूर्णिमा का स्नान करने शिप्रा नदी आई थीं। स्नान के बाद वह अन्य महिलाओं के साथ गोपाल मंदिर दर्शन करने पहुंचीं। यहां मेनगेट पर अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से डेढ़ लाख रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र झपट लिया।
सरिता मेवाड़ा अपना मंगलसूत्र तलाश रही थीं तभी पता चला कि एक अन्य महिला का भी किसी ने मंगलसूत्र चोरी कर लिया है, जबकि महिला के गले से चेन झपटने का प्रयास कर रही एक महिला अपने प्रयास में असफल रही और भीड़ को चकमा देकर भाग गई। सरिता मेवाड़ा अपनी शिकायत लेकर खाराकुआं थाने पहुंचीं। पुलिस ने मामले में न तो एफआईआर दर्ज की और न ही सीसीटीवी कैमरे चैक कर चोरों की तलाश शुरू की। सरिता मेवाड़ा से पुलिस ने आवेदन लिया और थाने से रवाना कर दिया। टीआई लक्ष्मण सिंह देवड़ा का कहना है कि मंगलवार को रामघाट पर ड्यूटी होने के कारण मामले की जानकारी नहीं आई है। आवेदन है तो कार्रवाई तो होगी ही।









