पंजाब में भाजपा-अकाली 6 साल बाद फिर साथ आए

लुधियाना, एजेंसी। पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल छह साल बाद एक बार फिर साथ आ गए हैं। दोनों दलों ने आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लडऩे का ऐलान किया है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन की घोषणा की।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पंजाब में भाजपा और अकाली दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और चुनाव जीतने के बाद अकाली दल का नेता ही मुख्यमंत्री बनेगा। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनात्मक और पारिवारिक रिश्ता बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता कहा करते थे कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन नाखून और मांस जैसा है। जब तक दोनों दल साथ रहे, पंजाब ने तरक्की की और प्रदेश में शांति बनी रही। सुखबीर बादल ने कहा कि अब पंजाब को बचाने की जरूरत है।









