आउटसोर्स कर्मचारियों को नहीं हटाया जाएगा : सीएम डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा, कर्मचारियों का सम्मान और परिवार की आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में कार्यरत किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से नहीं हटाया जाएगा। आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर वर्तमान व्यवस्था ही जारी रहेगी। कर्मचारियों को बाहर करने के संबंध में फैलाई जा रही बातें भ्रामक हैं। राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में करीब 40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। संगठनों ने शासकीय सेवकों के लिए दो संतान की सीमा संबंधी नियम समाप्त करने, पदोन्नति और वेतन-भत्तों में वृद्धि सहित कर्मचारी हित में लिए गए फैसलों के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सरकार की ताकत और पहचान उसके कर्मचारियों से होती है। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।
शा. नौकरी के लिए दो संतान का नियम खत्म
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नीतियां और योजनाएं बनाती है, लेकिन उनका लाभ अंतिम पंक्ति के जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर्मचारी करते हैं। इसलिए कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार ने शासकीय सेवकों के लिए दो संतान की सीमा संबंधी नीति समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति में कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी की अनिवार्यता से छूट दी गई है।









