सीएम डॉ. मोहन यादव इंदौर के प्रभारी मंत्री नहीं, अब चेतन्य काश्यप

सीएम ने केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण से की मुलाकात
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर के प्रभारी मंत्री नहीं रहेंगे। उनकी जगह कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप को इंदौर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। काश्यप पहले से भोपाल और राजगढ़ के प्रभारी हैं। अब उनके पास तीन जिलों का प्रभार होगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार रात इसके आदेश जारी किए।
मुख्यमंत्री बुधवार को दिल्ली दौरे पर थे। वहां उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। शिवराज के बंगले पर प्रदेश के मंत्री प्रहलाद पटेल और एंदल सिंह कंसाना पहले से मौजूद थे। मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने के बाद रात में इंदौर के प्रभारी मंत्री को लेकर आदेश जारी हुआ। हालांकि, इंदौर का प्रभार बदलने की वजह सरकार ने आधिकारिक तौर पर नहीं बताई है।









