व्यापारियों ने मांगी कारोबार के लिए वैकल्पिक जगह

प्रदर्शन कर जताया विरोध, आज होगी निगम अफसरों से चर्चा
सिंहस्थ : एलिवेटेड कॉरिडोर से प्रभावित हो रहीं आगर रोड की दुकानें
उज्जैन। हरिफाटक ओवरब्रिज से मकोडिय़ा आम तक बन रहे फोरलेन एलिवेटेड कॉरिडोर ने चिमनगंज मंडी क्षेत्र के दुकानदारों की मुसीबत बढ़ा दी है। करीब 100 से ज्यादा दुकानें कॉरिडोर से प्रभावित हो रही हैं। व्यापारियों ने बुधवार को चिमनगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया और दुकानों के पीछे रिक्त सरकारी जमीन पर जगह देने की मांग की। कारोबारियों को गुरुवार को चर्चा के लिए बुलाया गया है। इसमें कुछ फैसला होने की उम्मीद है।
दरअसल, उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को लेकर बड़े पैमाने पर विकास कार्य चल रहे हैं। इसी कड़ी में एलिवेटेड कॉरिडोर बन रहा है। हरिफाटक ओवरब्रिज से मकोडिय़ा आम और इंदौरगेट से चेरिटेबल अस्पताल तक बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर के दायरे में दुकानें भी आ रही हैं। इनमें चिमनगंज मंडी चौराहे पर दरगाह के सामने वाली दुकानें भी शामिल हैं। दुकानदारों को नोटिस दिए जा चुके हैं और वे तीसरी बार दुकान टूटने से परेशान हैं। 2004 और 2016 के सिंहस्थ में भी व्यापारियों की दुकान की जमीन ली गई थी। 2004 में 22 और 2016 में 16 फीट जगह जाने से दुकानदारों के पास पहले से ही कम जगह थी, अब और जाने से यह चिंतित हैं। आजीविका प्रभावित होने की आशंका के चलते इन लोगों ने बुधवार को चिमनगंज मंडी चौराहे पर प्रदर्शन किया था और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की थी।
अब हटे तो कुछ नहीं बचेगा: दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानें सालों पुरानी हैं। पहले भी सिंहस्थ के विकास कार्यों के चलते उनकी दुकानों का हिस्सा अधिग्रहित किया जा चुका है। अब उनकी दुकान का आकार 2.85 मीटर चौड़ा और 3.57 मीटर लंबा रह गया है। वर्ष 2002-04 में भी सिंहस्थ के लिए 22 फीट हिस्सा अधिग्रहित किया गया था। 2014-16 में 16 फीट हिस्सा लिया गया था। एक बार फिर दुकानें हटाई जाती हैं तो मुश्किल आ जाएगी। नगर निगम की ओर से नोटिस दिए जा चुके हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि इस बार दुकान पूरी तरह हटाई जाती है तो उनके सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा।
शाही मस्जिद का हवाला दिया: व्यापारियों ने तर्क रखा है कि नगर निगम ने कोयला फाटक और शाही मस्जिद क्षेत्र के चौड़ीकरण प्रभावित व्यापारियों को वैकल्पिक दुकानें उपलब्ध कराई थीं। इसी आधार पर उनकी दुकानों के ठीक पीछे स्थित करीब 5 एकड़ रिक्त शासकीय भूमि के अनुसार जमीन आवंटित की जानी चाहिए।
कर्मचारी भी प्रभावित होंगे: देवेंद्र प्रजापत ने बताया कि दुकान हटाने से सिर्फ व्यापारी ही प्रभावित नहीं होंगे, बल्कि इन दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों के सामने भी रोजी-रोटी का संकट खड़ा होगा। प्रजापत ने कहा कि हम विकास कामों के विरोधी नहीं है लेकिन हम पुनर्वास चाहते हैं।
आज निगम मुख्यालय में चर्चा: प्रजापत ने बताया कि गुरुवार को निगम मुख्यालय पर अफसरों से इस संबंध में चर्चा की जाएगी। खादी ग्रामोद्योग की रिक्त जमीन आवंटित करने की मंाग की जाएगी।









