मॉकड्रिल… रेलवे स्टेशन पर पांच से अधिक बार बजे इमरजेंसी हॉर्न

देवास में दुर्घटना की सूचना पर रवाना हुई आपातकालीन ट्रेन
उज्जैन। गुरुवार सुबह रेलवे स्टेशन पर अचानक पांच से अधिक बार इमरजेंसी हॉर्न बजे। रेलवे के आरपीएफ, जीआरपी, स्वास्थ्य सहित अन्य स्टाफ अलर्ट मोड पर आए और आपातकालीन ट्रेन देवास की तरफ दौड़ पड़ी। सूचना थी कि देवास में ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हुई है। हालांकि यह मॉकड्रिल थी।
पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि रेलवे समय-समय पर ट्रेन दुर्घटना को लेकर राहत एवं बचाव कार्य की मॉकड्रिल करता है। गुरुवार सुबह इसी के चलते देवास रेलवे स्टेशन से सूचना प्रसारित की गई कि ट्रेन दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही उज्जैन स्टेशन पर इमरजेंसी हॉर्न बजाए गए। पांच से अधिक बार हॉर्न बजते ही रेलवे का आपातकालीन सुरक्षा स्टाफ अलर्ट मोड पर आया। उज्जैन रेलवे सुरक्षा बल का स्टाफ जीआरपी, मेडिकल सहित अन्य स्टाफ आपातकालीन ट्रेन से देवास रवाना हुआ।

एनडीआरएफ की टीम का मिला सहयोग : देवास आरपीएफ टीआई ने बताया कि रेलवे की मॉकड्रिल में एनडीआरएफ का सहयोग रहा। दुर्घटना की सूचना प्रसारित होते ही तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन को हटाकर ट्रैक को सुचारू करने की गतिविधि हुई। इस दौरान रेलवे के अफसर भी मौजूद रहे।










