न मोबाइल मिले, न खरीददार

मुंबई, गुजरात में हुई तलाश, तीन दिन बढ़ा रिमांड
उज्जैन। माधव नगर थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर दो मोबाइल दुकानों के ताले तोडक़र चोरी की वारदात को अंजाम देने के मामले में पुलिस को ना मोबाइल मिले, ना इनके खरीददार। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
फ्रीगंज के भगत सिंह मार्ग स्थित एसएस मोबाइल व एक अन्य दुकान के ताले तोडक़र सवा करोड़ से अधिक के 201 मोबाइल चोरी हुए थे। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की लेकिन उनका सुराग हाथ नहीं लगा।
एनआईए ने इसी प्रकार की वारदात करने वाली गैंग को पकडक़र हैदराबाद पुलिस के सुपुर्द किया था। वहां पुलिस ने चोरों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। माधव नगर पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो पुलिस टीम हैदराबाद जेल पहुंची और वहां से मोहम्मद तबरेज पिता दाऊद शेख निवासी पवई मुंबई, मो. रफीक पिता अब्दुल मलिक निवासी हैदराबाद को रिमांड पर लेकर उज्जैन आई।
दोनों ने पूछताछ के बाद पुलिस को अपने साथी फरहान निवासी मुंबई और रमेश के साथ मिलकर वारदात कबूली साथ ही बताया कि मुंबई के चोर बाजार में चुराए गए मोबाइल बेच दिए थे। पुलिस टीम दोनों को मुंबई लेकर गई, जहां चोरी के मोबाइल खरीदने वाले कालू की तलाश की लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। टीआई गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि चोरों को गुजरात लेकर भी गए थे लेकिन चोरों के साथी नहीं मिल पाए हैं। ऐसे में आरोपियों का रिमांड बढ़ाकर उनसे फिर से पूछताछ की जा रही है।









