चलती बोलेरो में आग लगी, खाक हुई चार लोगों ने कूद कर जान बचा ली

कसाई देहरिया मार्ग पर बैजनाथ मंदिर के पास हुआ हादसा
अक्षरविश्व न्यूज आगर-मालवा। आगर मालवा में शुक्रवार रात कसाई देहरिया मार्ग पर बैजनाथ मंदिर के पास एक बोलेरो में अचानक आग लग गई। वाहन में चार लोग सवार थे, जिन्होंने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई।
गाड़ी से धुआं निकलता देख सभी लोग तुरंत बाहर निकल गए। कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और बोलेरो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी नागेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वाहन जल चुका था। आग लगने का कारण अभी साफ नहीं है। बैजनाथ मंदिर के पुजारी मुकेश पुरी ने बताया कि बोलेरो सवार लोग आगर से ग्राम कसाई देहरिया जा रहे थे। इस घटना से मार्ग से गुजरने वाले लोगों में चिंता दिखी। बड़ी देर मार्ग पर वाहनों का काफिला जैसा नजारा हो गया। वाहन चालकों ने वाहन रोके और आग का नजारा देखते रहे।








