अचानक ब्रेक लगाने से कंटेनर में जा घुसी कार, छुट्टी पर घर लौट रहे जवान की मौत

गरोठ-उज्जैन हाइवे पर हादसा, चकनाचूर हो गया कार का अगला हिस्सा

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। गरोठ-उज्जैन हाइवे पर दर्दनाक सडक़ हादसे में सेना के जवान की मौत हो गई। ग्राम पदमाखोरिया के पास शुक्रवार को कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया जिससे पीछे आ रही कार उसमें घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में कार चला रहे सेना में लांस नायक रामचंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह छुट्टी पर अपने घर लौट रहे थे लेकिन यह हादसा उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। मिली जानकारी के मुताबिक रामचंद्र (32) निवासी कर्नाटक अपने ससुर गोविंद पाटिल (49) के साथ सेल्टोस कार से अंबाला से कर्नाटक लौट रहे थे।
शुक्रवार को ग्राम पदमाखोरिया के पास कार के आगे चल रहे कंटेनर के चालक ने अचानक से ब्रेक लगा दिया जिससे रामचंद्र की कार पीछे से कंटेनर में जा घुसी और उसके नीचे ही फंस गई। हादसा इतना भयावह था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और रामचंद्र उसमें ही फंस गए जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सेना में लांस नायक रामचंद्र छुट्टी पर अपने घर लौट रहे थे लेकिन उससे पहले ही जिंदगी की डोर टूट गई।









