मोबाइल में बैलेंस नहीं डालने पर दुकान संचालक पर तलवार से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

कोर्ट पेशी के बाद खाचरौद जेल भेजा, खेत पर बनी झोपड़ी से तलवार भी बरामद

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम सेकड़ी सुल्तानपुर में सर्वर डाउन होने की वजह से मोबाइल में बैलेंस नहीं डलने से नाराज होकर दुकान संचालक पर हमला करने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना 16 अगस्त की है। ग्राम सेकड़ी सुल्तानपुर में रहने वाला राहुल सोलंकी गांव में ही ऑनलाइन दुकान चलाता है। १५ अगस्त को राहुल पिता अंबाराम मालवीय दुकान पर मोबाइल में बैलेंस डलवाने आया था लेकिन सर्वर डाउन होने की वजह से बैलेंस नहीं डल पाया।
इसी बात को लेकर अगले दिन १६ अगस्त को राहुल मालवीय ने दुकान संचालक के पिता के साथ गाली-गलौच करते हुए ईंट दे मारी और फिर दुकान संचालक राहुल सोलंकी पर तलवार से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। गंभीर घायल राहुल को प्राथमिक उपचार के बाद उज्जैन रैफर कर दिया गया। मामले में उन्हेल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी राहुल मालवीय को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त तलवार आरोपी के खेत पर बनी झोपड़ी से बरामद की गई। उसे नागदा कोर्ट में पेश किया गया जहां से खाचरौद जेल भेज दिया गया।
हफ्ता वसूली को लेकर बस के कांच फोड़े
देवासगेट क्षेत्र में हफ्ता नहीं देने पर दो युवकों ने एमआर ट्रेवल्स की बस के कांच फोड़ दिए। ट्रेवल्स संचालक जगदीश चौधरी ने बताया वह मालीपुरा में किराए के मकान में रहता है। देवासगेट क्षेत्र में व्यवसाय संचालित करता है। पिछले दिनों क्षेेत्र के दो युवक उसकी दुकान पर आए और चाकू निकाल कर धमकाने लगे। इन्होंने कहा हम इस क्षेत्र के दादा हैं और तुझे ५०० रोजाना देने होंगे। जब इंकार किया तो आरोपियों ने बस के कांच फोड़ दिए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी।









