पर्स में रखा था रुपए से भरा छोटा पर्स, चुरा ले गया अज्ञात बदमाश

भोपाल-दाहोद ट्रेन की घटना, सीहोर स्टेशन पर वारदात

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भगवान महाकाल के दर्शन करने के लिए सीहोर से परिवार के साथ उज्जैन आ रही महिला यात्री के पर्स में रखा रुपयों से भरा छोटा पर्स अज्ञात बदमाश सीहोर स्टेशन से चुरा ले गया। उन्होंने बुधवार शाम उज्जैन पहुंचने पर जीआरपी थाने में शिकायत की। पुलिस ने जीरो पर कायमी कर केस डायरी भोपाल जीआरपी को भेजी है।
जीआरपी के मुताबिक छत्तीसगढ़ की रहने वाली देवश्री यादव अपने परिजनों के साथ सीहोर में पं. प्रदीप मिश्रा के आश्रम में दर्शन के लिए गई थी। वहां से भोपाल-दाहोद ट्रेन से महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आ रही थीं। उनके पर्स में गुलाबी रंग का छोटा पर्स रखा था जिसमें २६ हजार रुपए कैश रखे थे।
इसी दौरान सीहोर स्टेशन पर अज्ञात बदमाश ने भीड़ का फायदा उठाकर पर्स की चेन खोलकर छोटा चुरा लिया। जब देवश्री ने चेन खुली देखी और अंदर चैक किया तो उनके होश उड़ गए। अंदर रखा उनका छोटा पर्स नहीं था। उज्जैन पहुंचने पर बुधवार शाम उन्होंने जीआरपी थाने में शिकायत की। जीआरपी ने जीरो पर कायमी कर केस डायरी भोपाल जीआरपी को भेज दी है।









