Advertisement

बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर भीषण हादसा:महाकाल दर्शन कर गुजरात लौट रहे 6 युवकों की मौत,

धार।बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर पंचकवासा गांव के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रॉले और ईको वैन की आमने-सामने भिड़ंत में छह युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे का शिकार हुए युवक उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद गुजरात लौट रहे थे।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। गुजरात की ओर जा रही ईको वैन को सामने से आ रहे ट्रॉले ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रॉला गलत दिशा में चल रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवकों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे में छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान गुजरात के वडोदरा निवासी युवकों के रूप में हुई है। घायल को तत्काल एंबुलेंस से बदनावर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

Advertisement

ग्रामीणों की मदद से निकाले गए शव

हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर पुलिस मौके पर पहुंची। टीआई अमित सिंह कुशवाह, तहसीलदार सुरेश नागर और अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शव अंदर फंस गए थे। पुलिस और ग्रामीणों ने वाहन के कांच तोड़कर शवों और घायल युवक को बाहर निकाला।

Advertisement

मौके पर एसडीएम प्रियंका मिमरोद भी पहुंचीं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया की जाएगी।

ट्रॉला चालक हादसे के बाद फरार

स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रॉला लोहे का सामान लेकर उज्जैन की तरफ जा रहा था। वहीं ईको वैन उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

फोरलेन पर कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

दुर्घटना के बाद बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली और वाहनों की आवाजाही को सुचारू कराया। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रॉला चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें