सावधान…शहर की पॉश कॉलोनियों में घूम रही नकाबपोश बदमाशों की गैंग

कॉलोनियों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए बदमाश

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। यदि आप शहर की पॉश कॉलोनी में रहते हैं तो सावधान हो जाइए। नकाबपोश बदमाशों की गैंग सूने मकानों, घर के बाहर रखे वाहनों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। खास बात यह कि बदमाशों के बेखौफ घूमने से पुलिस की रात्रि गश्त की पोल भी खुल रही है।
तीन दिनों पहले चोरों ने चिमनगंज थाना क्षेत्र की पद्मावती कॉलोनी में शिक्षक के सूने मकान पर धावा बोला था। चोरों ने यहां से लाखों के आभूषण व नगदी चोरी किए। खास बात यह कि चिमनगंज थाना पुलिस को सूचना मिलने के बाद भी पुलिसकर्मी रिपोर्ट करने के लिए फरियादी का इंतजार करते रहे, जबकि रहवासियों ने चोरों के सीसीटीवी फुटेज निकालकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए थे। इसी प्रकार पंवासा थाना क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी में आधा दर्जन बदमाश घुसे।
इन्होंने घरों के बाहर रखी दो मोटर साइकिल चोरी की। जिन लोगों के वाहन चोरी हुए वह अपनी शिकायत और चोरों के सीसीटीवी फुटेज लेकर पंवासा थाने गए। पुलिस ने उनसे शिकायती आवेदन लिए लेकिन न तो एफआईआर दर्ज की और न ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को तलाश पाए। अब एक नया सीसीटीवी फुटेज अभिलाषा कॉलोनी का वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भी नकाबपोश बदमाश कॉलोनी में वारदात की नीयत से घूमते नजर आ रहे हैं।
रहवासियों ने जागरूक रहने को किया अलर्ट
अभिलाषा कॉलोनी के रहवासियों ने सीसीटीवी फुटेज के साथ रहवासियों को भी अलर्ट किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा कि सिक्योरिटी गार्ड मुंशीलाल की सक्रियता से कल कोई हादसा किसी के घर हो सकता था वह टल गया है। कॉलोनी के मुख्य चौराहे पर राजेश भय्या के घर के पास उक्त चोर वीडियो में दिख रहे हैं जिन्हें मुंशीलाल ने देख लिया इस दौरान राजेश भैय्या भी नींद से जाग गए। इस कारण चोर भाग निकले। घटना किसी के साथ भी घट सकती है। वीडियो फुटेज नागझिरी थाने में उपलब्ध कराए और शिकायत भी की है।
इनका कहना
थाने पर किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं हुई है। किसी व्यक्ति का फोन आया था तो हम लोग कॉलोनी में गए थे। वहां किसी ने कोई शिकायत नहीं की। वहां गार्ड रहता है उससे भी चर्चा की थी। उसने चोरों के घुसने के संबंध में बताया था। वर्तमान में वहां पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।-कमल निगवाल, टीआई नागझिरी









