उज्जैन से भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया ने नामांकन के साथ दी चल-अचल संपत्ति की जानकारी

By AV NEWS

पति-पत्नी करोड़ों की संपत्ति के मालिक, दोनों के पास हथियार भी

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:लोकसभा चुनाव के लिए दूसरी बार मैदान में उतरने वाले भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया ने नामांकन-पत्र के साथ अपनी चल-अचल संपत्ति की जानकारी भी दी है। फिरोजिया और उनकी पत्नी करोड़ों की चल-अचल संपत्ति के मालिक है। दोनों के पास हथियार भी है। विभिन्न बैंकों में एफडी, बीमा पॉलिसी,पोस्ट ऑफिस में साढ़े तीन करोड़ से अधिक की राशि जमा है।

लोकसभा चुनाव उज्जैन आलोट लोकसभा संसदीय क्षेत्र के लिए भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी अनिल फिरोजिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में प्रशासनिक संकुल भवन में कलेक्टर एवं रिटर्निग अधिकारी नीरज कुमार सिंह के समक्ष नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। उन्होंने 4 नाम निर्देशन पत्र जमा किए। 18 अप्रैल से अभी तक कुल 7 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए हैं। लोकसभा चुनाव में भाजपा की ओर से दूसरी बार सांसद का चुनाव लडऩे वाले भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया करोड़ों रुपए की चल-अचल संपत्ति के मालिक है।

फिरोजिया के पास 16 लाख से अधिक मूल्य का सोना और एक लाख से अधिक मूल्य की चांदी के जेवर है। उनके पास विदेशी पिस्टल जिसका मूल्य 3 लाख से अधिक और एक 315 बोर बंदूक 12 हजार रूपए मूल्य की है। हालांकि उनकी पत्नी के पास भी एक रिवाल्वर और एक बंदूक है। नामांकन पत्र के साथ दिए गए शपथ पत्र में प्रत्याशी फिरोजिया ने अपनी व पत्नी के नाम चल-अचल संपत्ति, बैंक में जमा राशि, बैंकों से लिए गए ऋण के साथ ही स्वंय व पत्नी के पास सोना-चांदी के जेवर की जानकारी भी दी है। पति-पत्नी के पास हथियार भी है। अनिल फिरोजिया ने 1990 में माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12 वी की परीक्षा उत्तीर्ण की है। फिरोजिया के खिलाफ कोई भी अपराधिक प्रकरण नही है।

बैंक और अन्य से करोड़ों रुपए का ऋण

फिरोजिया ने शपथ पत्र में उनकेे ऊपर विभिन्न बैंकों व अन्य से ऋण के रूप में एक करोड़ 32 लाख 52 हजार की देनदारी बताई है। वहीं उनकी पत्नी के नाम पर भी एक करोड़ 27 लाख 11 हजार रुपए की देनदारी विभिन्न बैंकों व अन्य पर है।

हाथ में डेढ़ लाख

फिरोजिया के पास हाथ में नगदी 1 लाख 58 हजार रूपए की राशि है। विभिन्न बैंकों में एफडी, बीमा पॉलिसी, पोस्ट आफिस में जमा एक करोड़ 50 लाख 33 हजार रूपए है। वहीं उनकी पत्नी के नाम विभिन्न बैंकों में एक करोड़ 55 लाख 17 हजार रुपए की राशि जमा है।

सोना-चांदी, अचल संपत्ति पत्नी के पास अधिक

फिरोजिया द्वारा दिए गए शपथ पत्र में उनके नाम से अचल संपत्ति 1 करोड़ 10 लाख 86 हजार की दर्शाई है। पत्नी के नाम 2 करोड़ 46 लाख 58 हजार रूपए है। इसी तरह चल संपत्ति फिरोजिया के पास 1 करोड़ 50 लाख 33 हजार और पत्नी के नाम से 1 करोड़ 55 लाख 17 हजार रूपए की बताई है। फिरोजिया ने पत्नी के साथ साझेदारी में भूमि, भवन, भूखंड की जानकारी दी है, जिसका बाजार मूल्य एक करोड़ 62 लाख 98 हजार है।

वहीं पत्नी के नाम की संपत्ति का बाजार मूल्य 2 करोड़ 87 लाख 98 हजार है। फिरोजिया ने शपथ पत्र में दिए गए जेवरात की विवरणिका में स्वयं के पास सोने की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट, कुल वजन 225 ग्राम सोना जिसका मूल्य 16 लाख 87 हजार 500 रूपए बताया है। वही 1 किलो 871 ग्राम चांदी मूल्य 1 लाख 55 हजार की बताई गई है।

फिरोजिया की पत्नी के पास 800 ग्राम सोने के जेवर कुल मूल्य 60 लाख और 4 किलो चांदी के जेवर कुल मूल्य 3 लाख 30 हजार है। फरोजिया के पास एक 32 बोर पिस्टल जिसका मूल्य 3 लाख 96 हजार 800 रूपए और एक 315 बंदूक जिसका मूल्य 12 हजार 980 रुपए है। वहीं पत्नी के नाम से 32 बोर रिवाल्वर मूल्य 70 हजार रुपए और एक 12 बोर बंदूक मूल्य 15 हजार रुपए है।

Share This Article