होटल का उस्ताद पानी पीते गिरा, मौत

डॉक्टर बोले…हार्ट अटैक बना कारण, ठंड में रखें सावधानी
उज्जैन। बुधवार सुबह सरदारपुरा स्थित होटल पर खाना बनाने वाला उस्ताद रोजाना की तरह काम पर पहुंचा। पानी पीने के दौरान गिरा और उसकी मौत हो गई। होटल संचालक उसे चरक अस्पताल लेकर पहुंचा था।
मुन्ना (45) निवासी डबलचौकी देवास होटल में खाना बनाने का काम करता था। वर्तमान में मुन्ना निराला पंजाब होटल सरदारपुरा में काम कर रहा था। होटल संचालक ने बताया कि मुन्ना रोजाना की तरह सुबह काम पर आया था। वह गिलास से पानी पी रहा था तभी अचानक गिर गया। उसे तत्काल अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद मुन्ना को मृत घोषित कर शव पीएम रूम में रखवा दिया। होटल संचालक ने मुन्ना के परिजन को इसकी सूचना दी है। उन्होंने बताया कि मुन्ना की पत्नी व बच्चे हैं। वह करीब 35 वर्षों से उनके पास काम कर रहा था।
ठंड में बढ़ जाता है हार्ट अटैक का खतरा
डॉक्टर्स बताते हैं कि ठंड के सीजन में हार्ट पेशेंट को अटैक का खतरा बढ़ जाता है। जिन लोगों को कोलेस्ट्रोल, ब्लडप्रेशर, शुगर, ब्लॉकेज आदि की समस्याएं हैं उन्हें सावधानी बरतने के साथ नियमित चैकअप कराना चाहिए । दवाओं का सेवन समय पर करें। कोरोना के बाद से हार्ट अटैक से मृत्यु के मामलों में यह भी सामने आया है कि जिन लोगों को पहले से कोई समस्या या बीमारी नहीं वह भी कार्डियेक अरेस्ट के शिकार हो रहे हैं।
सावधानी और चेकअप जरूरी
वर्तमान में सभी उम्र वर्ग के लोग कार्डियक अरेस्ट का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में स्वस्थ व्यक्ति को भी साल में एक बार अपना कम्पलीट स्वास्थ्य परीक्षण करवाना चाहिए। साथ ही जो लोग बीपी, शुगर, कोलेस्ट्रॉल की समस्या से पीडि़त हैं वह ठंड के सीजन में स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतें।
डॉ. अभिषेक जाटवा, इमरजेंसी प्रभारी, चरक अस्पताल









