बोलेरो-स्विफ्ट में भिड़ंत, कांग्रेस नेता सहित दो की मौत, कार में फंसे लोग गंभीर घायल

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में गुरुवार रात करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। पिपलोद थाना क्षेत्र के लछोरा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो और स्विफ्ट डिजायर कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के ड्राइवरों की मौत हो गई। मृतकों में बुरहानपुर जिले के खकनार निवासी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन और खंडवा के रामपुरा गांव निवासी 40 वर्षीय श्रवण शामिल हैं। दोनों गाड़ियों में सवार चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद घायलों की मदद के लिए पहुंची एंबुलेंस को वापस लौटाने के आरोप पर मौके पर विवाद भी हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अरुण यादव के दिवाली मिलन समारोह से लौट रहे थे अजय महाजन
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन अपने भांजे अक्षय चौधरी और एक अन्य व्यक्ति के साथ पूर्व सांसद अरुण यादव के दिवाली मिलन समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद अजय खुद स्विफ्ट डिजायर कार चलाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान लछोरा गांव के पास सामने से आ रही बोलेरो से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में अजय महाजन की मौके पर ही मौत हो गई।
दिवाली पर खरीदी थी सेकंड हैंड बोलेरो
बोलेरो चला रहे श्रवण के परिजनों के मुताबिक, उसने इसी दिवाली पर सेकंड हैंड बोलेरो खरीदी थी। गुरुवार रात वह अपने एक दोस्त को छोड़ने सिंगोट गया था। वहां से लौटते समय उसकी गाड़ी स्विफ्ट डिजायर से टकरा गई। हादसे में श्रवण की भी मौत हो गई।
चार लोग घायल, एक के सिर में आए 20 टांके
हादसे में स्विफ्ट डिजायर में सवार अजय महाजन के भांजे अक्षय चौधरी को मामूली चोटें आई हैं, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। वहीं बोलेरो में श्रवण के साथ बैठे प्रमोद और सुनील भी घायल हुए हैं। प्रमोद के सिर में गंभीर चोट आई है और करीब 20 टांके लगाए गए हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एंबुलेंस लौटाने के आरोप पर हुआ विवाद
घायल अक्षय ने बताया कि टक्कर के बाद गाड़ियों में फंसे लोग गंभीर रूप से घायल थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई थी, लेकिन आरोप है कि मौके पर पहुंचे बोलेरो सवार लोगों ने विवाद करते हुए एंबुलेंस को वापस भेज दिया। इस दौरान मारपीट के लिए लाठियां निकालने का भी आरोप लगाया गया है।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में शामिल बोलेरो पर ‘मध्यप्रदेश शासन’ लिखा हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और एंबुलेंस लौटाने के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमॉर्टम के दौरान अस्पताल में जुटे कांग्रेस नेता
शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में दोनों मृतकों के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू हुई। अजय महाजन की पत्नी और परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
इस दौरान पूर्व सांसद अरुण यादव के अस्पताल नहीं पहुंचने को लेकर भी चर्चा होती रही। जिस दिवाली मिलन समारोह में अजय महाजन शामिल हुए थे, उसका आयोजन अरुण यादव ने किया था। बताया गया कि हादसे की सूचना मिलने के समय अरुण यादव खंडवा में ही थे, लेकिन वे जिला अस्पताल नहीं पहुंचे और सीधे खरगोन के लिए रवाना हो गए। इस बात को लेकर उनके समर्थकों में नाराजगी देखी गई।
वहीं, खंडवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी देर रात भोपाल से लौटकर अस्पताल पहुंचे और शव को मॉर्चरी में शिफ्ट कराया।









