देश में शुरू हुई सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सेवा, आपदा के समय मोबाइल पर मिलेगा तुरंत संदेश

नई दिल्ली। भारत ने नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए स्वदेशी तकनीक आधारित ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम’ की शुरुआत की है। इस नई सेवा के जरिए आपदा या आपातकालीन स्थिति में लोगों के मोबाइल फोन पर तुरंत अलर्ट संदेश भेजे जा सकेंगे।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस पहल को नागरिकों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह मोबाइल आधारित आपदा संचार प्रणाली का परीक्षण है, जिसे दूरसंचार विभाग ने विकसित किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि यदि किसी के मोबाइल पर ऐसा अलर्ट संदेश आता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह एक टेस्ट मैसेज है।
यह प्रणाली दूरसंचार विभाग के अनुसंधान एवं विकास केंद्र C-DOT (सी-डॉट) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से तैयार की गई है। इसके जरिए भविष्य में किसी भी आपदा, आपात स्थिति या जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में स्थानीय भाषा और लोकेशन के आधार पर तुरंत अलर्ट भेजे जा सकेंगे।
इस सिस्टम की शुरुआत अमित शाह के मार्गदर्शन में की गई है। सरकार के अनुसार, यह तकनीक देशभर में एक साथ लाखों मोबाइल यूजर्स तक बिना किसी देरी के सूचना पहुंचाने में सक्षम है।
शनिवार को देशभर में इस प्रणाली का सफल परीक्षण किया गया। इस दौरान लोगों के मोबाइल फोन पर बीप ध्वनि के साथ इमरजेंसी अलर्ट संदेश दिखाई दिया। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रणाली आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने और समय पर चेतावनी देने में अहम भूमिका निभाएगी।









