सीएम डॉ. यादव ने डमरू बजाकर दी सबसे सुंदर सडक़ की सौगात

कोठी रोड से विक्रम नगर तक मार्ग चौड़ीकरण के बाद बनी सडक़ का रात में लोकार्पण

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार रात को अपने उज्जैन प्रवास के दौरान शहर को एक और बड़ी सौगात दी। उन्होंने 18 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित कोठी रोड संकुल से देवास रोड तथा विक्रम नगर तक मार्ग का विधिवत लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री यहां पर पैदल घूमे और सडक़ का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ महापर्व 2028 के दृष्टिगत उज्जैन शहर में विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य निरंतर जारी हैं। उन्होंने कहा कि आज का यह लोकार्पण शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
लोकार्पण समारोह का वातावरण आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंगा नजर आया। वेद पाठी बटुकों ने मंत्रोच्चार और स्वस्ति वाचन के किया। कलापथक दल की प्रस्तुतियों के साथ ही झांझ-मंजीरे और डमरू वादन ने उत्साह भर दिया। शुभारंभ मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी डमरू बजाया। महापौर मुकेश टटवाल, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, संजय अग्रवाल, एमआईसी सदस्य शिवेंद्र तिवारी सहित कई गणमान्य और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। संचालन शैलेन्द्र व्यास स्वामी मुस्कुराके ने किया।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 2 किमी लंबा मार्ग
नगर निगम द्वारा निर्मित यह लगभग 2 किलोमीटर लंबा मार्ग देवास रोड से कोठी लिंक रोड होता हुआ विक्रम नगर को जोड़ेगा।
सुगम यातायात- जिला न्यायालय परिसर और अन्य प्रमुख सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना अब आसान और व्यवस्थित होगा।
सौंदर्यीकरण- डिवाइडर और दोनों किनारों पर सघन पौधारोपण के साथ आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की गई है।
वॉकिंग ट्रैक- पैदल चलने वालों के लिए मार्ग के दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाकर सुंदर वॉकिंग ट्रैक बनाए गए हैं।
जल निकासी- बारिश के समय जलभराव रोकने के लिए यहाँ प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया गया है।
क्षीर सागर मैदान को आधुनिक स्टेडियम बनाएंगे-मुख्यमंत्री
उज्जैन। क्षीर सागर मैदान में रविवार देर रात क्रिकेट का अद्भुत रोमांच देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव फिरोजिया ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे। रात करीब 12 बजे मैदान पहुंचे मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद भारी जनसमूह को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और घोषणा की कि क्षीर सागर मैदान को जल्द ही एक अत्याधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। मैदान पर खिलाडिय़ों के प्रदर्शन से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री ने पुरस्कार राशि में बड़ी वृद्धि की घोषणा की। उन्होंने विजेता टीम को 1 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये का अतिरिक्त नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया।









