छात्रा से बोला…दूसरी जगह शादी तो खत्म कर दूंगा

सगाई टूटी तो युवक ने पीछा किया और धमकी दी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। संजय नगर में रहने वाली एक छात्रा के परिजन ने इंदौर के युवक से सगाई तोड़कर दूसरी जगह शादी पक्की कर दी। इससे नाराज युवक ने छात्रा का पीछा किया और जान से मारने की धमकी दी , जिसकी रिपोर्ट चिमनगंज थाने में दर्ज कराई गई।
पुलिस ने बताया कि संजय नगर निवासी 19 वर्षीय बीए की छात्रा की सगाई मोहित निवासी चंदन नगर इंदौर से हुई थी। कुछ माह बाद छात्रा व उसके परिजन को पता चला कि मोहित आपराधिक प्रवृत्ति का युवक है। उन्होंने सगाई तोड़कर छात्रा का दूसरी जगह रिश्ता पक्का कर दिया। इसकी जानकारी मोहित को लगी तो वह छात्रा के घर पहुंचा।
बातचीत करने का दबाव बनाया। कॉलेज आते-जाते उसे रोककर धमकी देने लगा । दो दिन पूर्व मोहित ने छात्रा को कॉलेज के बाहर रोककर धमकी दी कि दूसरे लड़के से शादी की तो जान से खत्म कर दूंगा। जिस लड़के से छात्रा की सगाई हुई, उसको भी फोन कर मोहित ने छात्रा के खिलाफ गलत जानकारी देकर बदनाम किया गया। प्रताडि़त होकर छात्रा ने अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर मोहित के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया।









