स्लीमनाबाद टनल का सीएम ने लिया जायजा

विंध्य और बुंदेलखंड तक पहुंचेगा नर्मदा का जल
जबलपुर/कटनी। महाकौशल से विंध्य और बुंदेलखंड तक नर्मदा का पानी पहुंचाने का करीब 17 साल पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। कटनी जिले के स्लीमनाबाद में बन रही 11.95 किलोमीटर लंबी देश की सबसे बड़ी जल सुरंग (वाटर टनल) लगभग पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ परियोजना का निरीक्षण किया। इसके बाद सीएम मजदूरों के स्वागत कार्यक्रम और संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी किया।
1450 गांवों की जमीन को फायदे का दावा
टनल के शुरू होने के बाद बरगी बांध का पानी पहली बार कटनी, मैहर, सतना, रीवा और पन्ना जिलों तक पहुंचेगा। परियोजना से करीब 1450 गांवों की 2.45 लाख हेक्टेयर भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलने का दावा है। वहीं शुरुआती चरण में लगभग 1.85 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को सीधे लाभ मिलने की संभावना है।
मां नर्मदा, गंगा बेसिन में भी हरियाली लाएंगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा नदी तो खंभात की खाड़ी में जाकर मिलती है, लेकिन यह विज्ञान का चत्मकार ही है कि अब मां नर्मदा इस ऐतिहासिक टनल के माध्यम से गंगा बेसिन में सोन नदी के आसपास के अंचल में भी हरियाली लाएगी। एक समय ऐसा भी आया जब लगा कि टनल तैयार होना असंभव जैसा है, लेकिन जब संकल्प बड़ा होता है और पवित्र मन से कार्य किया जाए तो सफलता निश्चित मिलती है।









