अगले 3 साल में AI बन सकता है इंसानों के लिए खतरा?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से विकसित हो रहा है। अब यह सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है, बल्कि खुद फैसले लेने और जटिल काम करने में भी सक्षम हो रहा है। इसी बीच नोबेल पुरस्कार विजेता और AI के गॉडफादर कहे जाने वाले जेफ्री हिंटन ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ सालों में AI इंसानों के नियंत्रण से बाहर हो सकता है।
जेफ्री हिंटन का कहना है कि पहले उन्हें लगता था कि AI को इंसानों से ज्यादा समझदार बनने में करीब 10 साल लगेंगे, लेकिन अब यह बदलाव महज 18 महीनों में हो सकता है। उन्होंने इसे डराने वाला बताया है।
AI इंसानों से ज्यादा समझदार हुआ तो क्या होगा?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सुरक्षा विशेषज्ञ पॉल क्रिस्टियानो के मुताबिक, अगले 6 से 12 महीनों में ऐसी घटनाएं हो सकती हैं, जिनमें AI को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाए। उनका अनुमान है कि अगले एक साल में AI पर से इंसानों का नियंत्रण हमेशा के लिए खत्म होने की आशंका 4% है। अगले तीन साल में यह खतरा बढ़कर 15% तक पहुंच सकता है।
इसका मतलब रोबोटों का इंसानों पर हमला करना नहीं है। असली चिंता यह है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस खुद फैसले लेने लगे और अपने लक्ष्यों को पूरा करने के लिए इंसानों को बाधा समझने लगे। इससे सरकारों, कंपनियों और जरूरी डिजिटल सिस्टम पर भी उसका प्रभाव बढ़ सकता है।

AI खुद बना सकता है हथियार और ड्रोन
विशेषज्ञों को आशंका है कि भविष्य में AI का इस्तेमाल हथियारों, ड्रोन और रोबोट के संचालन में बढ़ सकता है। इसका गलत इस्तेमाल जैविक हथियार बनाने और साइबर हमले करने में भी हो सकता है। सबसे बड़ा खतरा तब होगा, जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अपने फैसले खुद लेने लगे और उसे रोकना मुश्किल हो जाए।
AI की बढ़ती ताकत के पीछे हैं ये वजहें
पहले AI सिर्फ सवालों के जवाब देता था, लेकिन अब AI एजेंट्स को पूरा काम सौंपा जा सकता है। ये इंटरनेट और कंप्यूटर टूल्स की मदद से खुद कई चरणों में काम पूरा कर सकते हैं। AI मॉडल अपनी गलतियों को पहचानने और सुधारने में भी बेहतर हो रहे हैं। हाल ही में 10 हजार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एजेंट्स के एक समूह ने 90 साल पुरानी Navier-Stokes गणितीय समस्या को 88 घंटे में हल करने का दावा किया गया। इससे AI की बढ़ती क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है। दूसरी चिंता आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अप्रत्याशित व्यवहार को लेकर है। कुछ सुरक्षा परीक्षणों में मॉडल्स ने खुद को बंद होने से बचाने और अपने काम को जारी रखने के लिए तय सीमाओं से अलग तरीके अपनाए।
AI इंसानों को चकमा देने लगा है?
AI की सुरक्षा से जुड़े परीक्षणों में कुछ चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। खबरों के मुताबिक, जुलाई 2026 में OpenAI के दो AI मॉडल्स ने परीक्षण से बाहर निकलने और चोरी की गई लॉगिन जानकारी से Hugging Face के सर्वर तक पहुंचने की कोशिश की थी। वहीं, Anthropic के एक परीक्षण में Claude Opus 4 मॉडल ने खुद को बंद होने से बचाने के लिए एक अधिकारी के निजी संबंधों से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की धमकी दी थी। ऐसे परीक्षण OpenAI, Google और Meta समेत 16 कंपनियों के मॉडल्स पर भी किए गए।

क्या AI को कंट्रोल करने के लिए नियम बनाए जा रहे हैं?
AI के बढ़ते खतरे को देखते हुए टेक कंपनियां अपनी सुरक्षा नीतियां तैयार कर रही हैं। OpenAI और Anthropic जैसी कंपनियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए नियम बनाए हैं। अमेरिका और भारत समेत कई देश भी इसके सुरक्षित इस्तेमाल के लिए गाइडलाइंस और कानूनी ढांचे पर काम कर रहे हैं।
हालांकि, अभी पूरी दुनिया में AI को नियंत्रित करने के लिए एक जैसे सख्त नियम नहीं हैं। ऐसे में AI की सुरक्षा और जवाबदेही बड़ी चुनौती बनी हुई है।
AI से खत्म हो सकती हैं लाखों नौकरियां?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का असर रोजगार पर भी पड़ सकता है। Anthropic के CEO डारियो अमोदेई का अनुमान है कि अगले 1 से 5 साल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की वजह से एंट्री लेवल की करीब आधी नौकरियां खत्म हो सकती हैं। उन्होंने बेरोजगारी दर 20% तक पहुंचने की आशंका भी जताई है।
हालांकि, Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग की राय इससे अलग है। उनका मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कुछ पुराने कामों को जरूर बदलेगा, लेकिन नई नौकरियों और काम के अवसर भी पैदा करेगा। ऐसे में भविष्य में तकनीकी जानकारी और डिजिटल स्किल की अहमियत बढ़ सकती है।
बीमारियों का इलाज खोजने में मददगार होगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कई सकारात्मक पहलू भी हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में इसका इस्तेमाल बीमारी की पहचान, मेडिकल रिसर्च और नई दवाएं विकसित करने में किया जा रहा है। डारियो अमोदेई का मानना है कि AI ऐसी बीमारियों का इलाज खोजने में मदद कर सकता है, जिन पर वैज्ञानिक सालों से काम कर रहे हैं। इसके अलावा शिक्षा, कृषि, बैंकिंग और ट्रांसपोर्ट जैसे क्षेत्रों में भी AI कामकाज को आसान और तेज बना सकता है।
भविष्य में इंसानों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का रिश्ता कैसा होगा?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंसानों के लिए कितना फायदेमंद या खतरनाक साबित होगा, यह उसके विकास और इस्तेमाल पर निर्भर करेगा। एक ओर यह नई खोजों और बेहतर इलाज का रास्ता खोल सकता है, वहीं दूसरी ओर बिना पर्याप्त सुरक्षा के इसका इस्तेमाल गंभीर खतरे पैदा कर सकता है।
इसलिए AI के विकास के साथ उसके नियंत्रण, सुरक्षा और जवाबदेही पर ध्यान देना भी जरूरी है।
यह भी पढ़े: नोएल टाटा के बाद कौन संभालेगा कमान?









