मंडी में भुजा उतारने के लिए बदलेगी डिजाइन

एलिवेटेड कॉरिडोर को लेकर सीएम की घोषणा
उज्जैन। एलिवेटेड कॉरिडोर की एक भुजा अब कृषि उपज मंडी में उतरेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कृषि उपज मंडी में आयोजित पीएम किसान सम्मान निधि कार्यक्रम के दौरान किसानों की मांग पर यह महत्वपूर्ण घोषणा की। इससे किसान खुश नजर आए, क्योंकि मंडी जाने में बड़ी राहत मिलेगी। आगर रोड पर लगने वाले जाम की समस्या भी दूर होगी। हालांकि इससे सिंहस्थ सेल का काम बढ़ गया है। उसे कॉरिडोर की डिजाइन में बदलाव करना होगा। अभी ब्रिज सीधे रेलवे ट्रेनिंग सेंटर के सामने उतरना था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगर नाके से हरिफाटक तक निर्माणाधीन एलिवेटेड की एक भुजा कृषि उपज मंडी तक पहुंचाई जाएगी। इससे किसानों के ट्रैक्टर और अन्य वाहन सीधे मंडी में प्रवेश कर सकेंगे। मंडी में आवक बढऩे के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों के कारण होने वाले यातायात दबाव में कमी आने की उम्मीद है। उज्जैन में किसानों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह घोषणा की। शुक्रवार को वे कृषि उपज मंडी में आयोजित पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के हस्तांतरण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र भारती, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, जगदीश पांचाल, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
योजना के तहत मध्यप्रदेश के लगभग 80 लाख और उज्जैन जिले के करीब 2 लाख किसान लाभान्वित हुए इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहे हैं। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे राशि पहुंचाई जा रही है। मध्यप्रदेश सरकार भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रति किसान प्रतिवर्ष 6 हजार रुपए दे रही है। इस तरह दोनों योजनाओं को मिलाकर पात्र किसानों को सालाना 12 हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिल रही है।
विभाग बदलेगा डिजाइन
इस घोषणा के बाद एलिवेटेड ब्रिज की डिजाइन में भी कुछ बदलाव किया जाएगा। हालांकि इससे ब्रिज के काम पर असर नहीं पड़ेगा।









