तेज गति से मत चला, नहीं माना ड्राइवर टायर फटा, कार पलटने से एक की मौत

कार्तिक मेला देखकर लौट रहा था राजस्थान का परिवार

अक्षरविश्व न्यूज | उज्जैन। कार्तिक पूर्णिमा के एक दिन पहले शिप्रा नदी में स्नान और मेला देखने आए राजस्थान के लोगों की कार का टायर फट गया। दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। ड्राइवर व एक अन्य महिला गंभीर घायल हुए जिनका प्राइवेट अस्पताल में उपचार जारी है।
कचनारा राजस्थान में रहने वाले श्यामसिंह, गेंदकुंवर, कालीबाई, विलम बाई, कुलदीप सिंह, दीया कुंवर, भूपेन्द्र, प्रतीकराज ड्राइवर भेरूलाल की ईको कार से बैकुंठ चतुर्दशी पर शिप्रा नदी में स्नान करने उज्जैन आए थे। श्यामसिंह ने बताया कि नदी स्नान एवं देवदर्शन के बाद सभी लोग कार्तिक मेला देखने गए।
वहां से कार में गांव लौट रहे थे। ड्राइवर भेरूलाल तेज रफ्तार से अपनी कार चला रहा था। उसे रास्ते में कई बार टोका लेकिन वह नहीं माना। खेड़ा खजूरिया ब्रिज पर कार का टायर फट गया और कार 3-4 पलटी खा गई। दुर्घटना में श्याम कुंवर, कालीबाई, भेरूलाल को गंभीर चोट लगी। अन्य लोग भी घायल थे। सभी को चरक अस्पताल लाया गया। यहां श्याम कुंवर को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कालीबाई और भेरूलाल को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चों व अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
ठाकुरदास बैरागी पिता ईश्वरदास 35 वर्ष निवासी रूपाहेड़ा इंगोरिया आधार कार्ड व समग्र आईडी अपडेट करवाने बाइक से बडऩगर गया था। वहां से गांव लौटते समय रसूलाबाद ब्रिज पर ट्रक चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर घायल को उज्जैन के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। उसके मामा रामेश्वर बैरागी ने बताया कि ठाकुरदास खेती करता था। उसके दो बच्चे हैं। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक भाग गया।








