चौबीसखंभा माता मंदिर के सामने दो पक्षों में मारपीट, देर रात तक होता रहा हंगामा

तीन थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा, ASP-CSP भी पहुंचे, पांच के खिलाफ केस दर्ज

अक्षरविश्व न्यूज| उज्जैन। दो पक्षों में पानी बहाने को लेकर मामूली सा विवाद हुआ था। यह विवाद इतना तूल पकड़ा कि क्षेत्र में बलवे जैसे हालात बन गए। दो पक्ष तनातनी में एक दूसरे के सामने आ गए। गनीमत यह रही कि महाकाल थाना प्रभारी ने सबसे पहले मोर्चा संभाला और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना पहुंचाई। नतीजतन दो बड़े अधिकारियों के अलावा तीन थानों की पुलिस ने समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया। फिलहाल पांच लोगों के खिलाफ महाकाल थाने में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की गई है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विवाद उस समय शुरू हुआ जब बुधवार शाम 5 बजे कोट मोहल्ला चौराहा स्थित सांवरिया सेल दुकान पर काम करने वाला युवराज बाइक धो रहा था। पानी बहकर ठेले व दूसरी दुकान के सामने से बहने लगा। इस पर शाहरूख पिता हमीद और अरशद पिता अकरम ने आपत्ति ली। दोनों ने युवराज के साथ गाली गलौज की तो उसने अपनी दुकान पर लौटकर संचालक रितेश माहेश्वरी को घटना की जानकारी दी। रितेश माहेश्वरी ने बताया युवराज के साथ गाली-गलौज करने वालों को समझा दिया और मामला शांत हो गया था।
बाइक लेने गया तो घेर लिया
रितेश माहेश्वरी ने बताया कि रात करीब 10.30-11 बजे के बीच युवराज दुकान के पास गली में अपनी बाइक लेने गया। वहां शाहरुख, अकरम, आबू पिता चांद खां, अयान पिता पप्पू ने उसे घेर लिया। रुपयों की मांग की तो युवराज दुकान पर लौट आया। उक्त लोग दुकान पर आ गए और युवराज को खींचकर बाहर ले जाने के बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान दुकान पर खड़े ग्राहकों में अफरा तफरी मच गई। बदमाशों ने दुकान में घुसकर तोडफ़ोड़ भी की।
दोनों पक्ष हुए आमने सामने
रितेश माहेश्वरी हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक हैं। उन्होंने बताया कि वर्ग विशेष के लोगों द्वारा कर्मचारी से मारपीट, रुपयों की मांग और हथियार लहराने की घटना का विरोध करने संगठन के लोग एकत्रित हुए। वहीं दूसरे पक्ष के लोग भी बड़ी संख्या में यहां पहुंच गए। इसकी जानकारी जैसे ही महाकाल थाना पुलिस को मिली तो टीआई नरेन्द्र सिंह परिहार फोर्स के साथ यहां आ गए। दोनों पक्षों की भीड़ बढ़ती जा रही थी जिसे देखते तीन थानों का पुलिस फोर्स मौके पर आया।
दहशत और भगदड़ का आलम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस समय दो पक्षों में विवाद हुआ तब क्षेत्र में भगदड़ जैसे हालात बन गए थे। लोगों में दहशत थी। कुछ लोग मल्हार मार्तंड मंदिर की ओर भागे। कुछ लोग टंकी के नीचे वाली गली की तरफ दौड़े। इस भागमभाग में कुछ लोग गिर भी गए। जब पुलिस फोर्स पहुंचा तब लोगों की हिम्मत बढ़ी और देखते ही देखते इलाके में भीड़ बढ़ गई। क्षेत्र के ही कुछ लोगों ने विवाद सुलझाने में मदद की।
एक घंटे चला ड्रामा
पानी बहने के मामूली विवाद से शुरू हुआ घटनाक्रम दो पक्षों के बीच बलवे तक पहुंच गया। पुलिस ने मानपुरा नरवर में रहने वाले 19 वर्षीय युवराज पिता गोवर्धन सिंह तंवर को थाने पहुंचाया। उसकी रिपोर्ट पर रात करीब 2 बजे शाहरुख, अकरम, आबू, अयान व 1 अन्य के खिलाफ धारा 308, 115, 324, 296, 329, 351-3 के तहत केस दर्ज किया गया। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।









