एकतरफा प्यार में आशिक ने उठाया खौफनाक कदम, लड़का-लड़की की गोली मारकर की हत्या

By AV NEWS

फिर युवक ने किया सुसाइड

इंदौर से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है।शहर में एकतरफा प्यार में पागल एक युवक ने लड़का-लड़की की गोली मार दी । इसके बाद आरोपी ने खुद को एक काॅलेज परिसर में जाकर गोली मार ली। इस घटना के बाद तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया था, जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया।गोलीकांड के बाद मंदिर और कॉलेज में अफरातफरी के हालात बन गए थे।

खबरों के अनुसार, युवक ने पहले दोनों को स्वामीनारायण मंदिर में मिलने के लिए बुलाया था। वहां पर उसने लड़के व लड़की को गोली मारी। इसके बाद लड़का अरिहंत कॉलेज के गार्ड के पास आया और बोला घबराहट हो रही है पानी पीना है। गार्ड ने प्याऊ बताया। लड़का कॉलेज के प्याऊ में गया और खुद को भी गोली मार ली।

पुलिस के अनुसार लड़की का नाम स्‍नेहा जाट निवासी जूनी इंदौर है। वह अपने आगर मालवा निवासी रिश्‍तेदार दीपक जाट के साथ मंदिर में दर्शन करने आई थी। गोली मारने वाले युवक का नाम फ‍िलहाल इंदौर निवासी अभिषेक यादव पता चला है। दीपक स्‍नेह का मौसेरा भाई बताया गया है।

घटना के दौरान कॉलेज में करीब 150 विद्यार्थी थे।पुलिस ने स्वामीनारायण मंदिर और अरिहंत कालेज परिसर को बंद कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज तलाशे जा रहे हैं। फारेंसिक टीम भी पहुंच चुकी है। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है.लोकसभा चुनाव के कारण पुलिस सभी लाइसेंसी हथियार जमा करा रही है। ऐसे में पुलिस यह भी पता कर रही है कि अभिषेक यादव के पास पिस्टल कहां से आई। पुलिस यह भी पता कर रही है कि पिस्टल अवैध तो नहीं है।

Share This Article