वह ई-रिक्शा लेकर निकला, हो गई मौत

उज्जैन। चककमेड़ के रहने वाले ई-रिक्शा चालक की गुरुवार को अचानक मौत हो गई। वह घर से ई-रिक्शा लेकर निकला था लेकिन फिर वापस नहीं लौट सका।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम दुर्गाशंकर पिता राधेश्याम (२४) निवासी चककमेड़ है। वह ई-रिक्शा चलाता था और गुरुवार को घर से निकला था लेकिन अचानक ई-रिक्शा में ही बेहोश हो गया। उसे लोग चरक अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने बताया कि हार्टअटैक से उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को चिमनगंज पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
ई-रिक्शा चालक ने महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं की कार को टक्कर मारी
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। बेगमबाग में शुक्रवार सुबह ई-रिक्शा चालक ने महाराष्ट्र से भगवान महाकाल के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की कार को जोरदार टक्कर मार दी जिससे कार का साइड ग्लास टूट गया। सूचना पर महाकाल थाने से आरक्षक वहां पहुंचा तो ई-रिक्शा चालक ने उनसे भी बदमिजाजी की जिसके बाद आरक्षक उसे थाने ले गया।
दरअसल, महाराष्ट्र के श्रद्धालु कार से भगवान महाकाल के दर्शन करने के लिए शुक्रवार को उज्जैन आए थे। वह बेगमबाग से जा रहे थे तभी ई-रिक्शा चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी जिससे कार का साइड ग्लास टूट गया। सूचना पर महाकाल थाने से आरक्षक विक्रम सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और ई-रिक्शा चालक करण सिंह सोनगरा निवासी तिरुपति धाम को समझाने लगे।
इस दौरान ई-रिक्शा चालक ने आरक्षक से कहा कि वह उसका मामला है और वह निपट लेगा। मुझे अधिकार नहीं तुम्हें रोकने का। इसके बाद आरक्षक चौहान उसे कॉलर से पकड़ते हुए थाने ले गए। हालांकि, सुबह १० बजे तक महाराष्ट्र के श्रद्धालु रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए थाने नहीं पहुंचे थे।









