उज्जैन-देवास-इंदौर दोहरीकरण के लिए 50 करोड़ मिलेंगे

मक्सी यार्ड में चार लेन का ओवरब्रिज बनाएंगे

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन वर्ष 2024 के लिए बजट में रेलवे को राशि का आवंटन किया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो लिंक के माध्यम से इसकी घोषणा की। इसमें पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल की विभिन्न परियोजनाओं जैसे नई रेल लाइन, दोहरीकरण, आमान परिवर्तन सहित अन्य परियोजनाओं के लिए रेल बजट 2024-25 में राशि आवंटित की गई।
रेलवे पीआरओ खेमराज मीना के अनुसार इंदौर-देवास-उज्जैन दोहरीकरण (79.23 किलोमीटर) के लिए 50 करोड़ रुपए, इंदौर-जबलपुर नई लाइन (345 किलोमीटर) के लिए 1080 करोड़ रुपए, उज्जैन-भोपाल खंड में समपार संख्या 79 के स्थान पर ऊपरी सड़क पुल के लिए 5 करोड़ रुपए, बेड़ावन्या-नागदा के बीच समपार संख्या 81 के स्थान पर ऊपरी सड़क पुल के लिए 2 करोड़ रुपए, नागदा-उज्जैन के बीच समपार संख्या 102 के स्थान पर ऊपरी सड़क पुल के लिए 5 करोड़, बरलई मांगलिया गांव के बीच समपार संख्या 45 के स्थान पर ऊपरी सड़क पुल के लिए 5 करोड़, लक्ष्मीबाई नगर में समपार संख्या 5 के स्थान पर ऊपरी सड़क पुल के लिए 5 करोड़,उज्जैन-भोपाल खंड में मक्सी यार्ड में समपार संख्या 51 के स्थान पर ऊपरी सड़क पुल फोरलेन के लिए 5 करोड़, नागदा यार्ड में समपार संख्या 103 के स्थान पर दो लेन वाले ऊपरी सड़क पुल के लिए 1 करोड़ रुपए की घोषणा की गई है।








