संसद में हर मुद्दे पर जवाब दूंगा विपक्ष 3 बजे से बहस शुरू करें: शाह

नई दिल्ली, एजेंसी। गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा, सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार है, लेकिन विपक्ष सदन को चलने दे। आज 3 बजे से चर्चा शुरू करें। मैं सदन में बैठूंगा, सबको सुनूंगा और कल 3 बजे सबको जवाब दूंगा।’ इस पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘पहले ये बताएं जंतर-मंतर पर छात्रों पर गोली किसने चलवाईं। वे पहले इस्तीफा दें।’
दरअसल, विपक्ष छात्रों के आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज के मुद्दे पर गृह मंत्री के बयान पर अड़ा है। पिछले 20 दिनों से लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही नहीं चल रही है। विपक्ष का आरोप है कि शाह सदन में नहीं आ रहे हैं। शाह ने कहा कि विपक्ष दोनों सदनों को चलने नहीं दे रहा। जब संसद की कार्यवाही ही नहीं चलने दी जा रही है तो सदन में जाने का क्या मतलब है। सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। अब जनता तय करे कि वास्तव में कौन भाग रहा है।
आज दोपहर 3 बजे से कल दोपहर 3 बजे तक सरकार हर तरह की चर्चा के लिए तैयार है। वह सदन में मौजूद रहेंगे, सभी की बातें सुनेंगे और हर सवाल का जवाब देंगे।सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। वह इस मुद्दे पर चर्चा के साथ-साथ इस बात पर भी चर्चा करने के लिए तैयार हैं कि विपक्ष चर्चा क्यों नहीं करना चाहता।









