एक ही रात में जिला पुलिस ने 1489 वाहन चैक किए, 630 के चालान बनाए

92 लोगों से मिले धारदार चाकू, देशी कट्टा : एसपी स्वयं पहुंचे अभियान देखने

उज्जैन। शहर में बढ़ते अपराधों, चाकूबाजी व अन्य वारदातों की रोकथाम के लिए एसपी प्रदीप शर्मा ने जिले के सभी थाने के अफसरों को शाम 7 से रात 11 बजे तक सघन चैकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। स्वयं देर रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहुंचे और अभियान को चैक भी किया।
एसपी के निर्देश पर जिले में पुलिस ने चलाए गए चैकिंग अभियान का परिणाम यह रहा कि कुल 1489 वाहनों को चेक करने पर 630 वाहनों के कागजात व नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर चालान बनाए गए। इसके अलावा पुलिस ने चैकिंग में 92 लोगों से धारदार हथियार व देशी कट्टा, पिस्टल भी जब्त की।
एसपी शर्मा ने बताया कि अपराधों की रोकथाम के लिए बस स्टेंड, रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक स्थलों में निरंतर भ्रमणशील रहते एवं असामाजिक तत्वों, संदिग्धों पर कार्यवाही करने, नज़र रखने के साथ ही थाना क्षेत्रों के चेकिंग प्वाइंट में व्यापक स्तर पर वाहन चेकिंग करने हेतु निर्देशित किया गया था।
भाटपचलाना पुलिस ने आरोपी मुल्तानपुरा थाना वायडी निवासी मोहसीन पिता मुबारीक, बोतलगंज थाना पिपलिया मंडी निवासी अनवर पिता सलाम को 500 क्वाटर देशी प्लेन शराब की पिकअप वाहन से तस्करी करते पकड़ा गया। बदमाशों के कब्जे से 40 हजार की अवैध शराब एवं पिकअप वाहन जप्त किया गया। इसी प्रकार चेकिंग अभियान में 92 लोगों को पकड़कर पुलिस ने धारदार हथियार व पिस्टल, कारतूस भी जब्त किए और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की कार्रवाई की गई।









