भारत की एकमात्र मुस्कुराते भगवान गणेश की आठ फीट ऊंची प्रतिमा उज्जैन में स्थापित होगी

By AV News

उज्जैन में बना अष्टविनायक मंदिर, पांच दिनी प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव कल से, सावराखेड़ी में होगा आयोजन

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अब महाकाल दर्शन करने आने वाले भक्त अष्टविनायक के दर्शन का लाभ भी ले सकेंगे। उज्जैन के सांवराखेड़ी क्षेत्र में अष्टविनायक मंदिर बनकर तैयार हो गया है। यहां 30 अप्रैल से 5 मई तक प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव होगा। भारत के एकमात्र मुस्कुराते भगवान गणेश की आठ फीट ऊंची प्रतिमा मंदिर में स्थापित की जाएगी। इस दौरान गणेश महायज्ञ भी होगा।

अष्ट विनायक मंदिर के पंडित हेमंत व्यास, पंडित संजय व्यास ने बताया कि उज्जैन में इस धाम की परिकल्पना महाराष्ट्र के पुणे, अहमदनगर और रायसेन जिले के अष्टविनायक मंदिर की तर्ज पर की गई है। उसी के अनुरूप अष्ट विनायक मंदिर में भगवान गणेश के आठ स्वरूपों को स्थापित करने का प्रयास किया है। सात एकड़ के विशाल परिसर में अष्ट विनायक धाम की परिकल्पना साकार हो गई है। परिसर में भारतीय परंपरा मंदिर स्थापत्यकला के अनुरूप निर्मित देवालय में मुख्य शिखर के अतिरिक्त आठ उप शिखरों का निर्माण कर अष्ट विनायक के मंगल विग्रह स्थापित किए गए हैं। मध्य में श्री की विशाल और सुंदर प्रतिमा है, जिनके साथ देवी रिद्धि -सिद्धि भी विराजमान है।

5 मई को मुख्य अतिथि, संतों का मिलेगा आशीर्वचन

पंडित हेमंत व्यास ने बताया कि 30 अप्रैल से श्री अष्ट विनायक प्राण प्रतिष्ठा एवं श्री गणेश महायज्ञ का आयोजन शुरू हो जाएगा। जयपुर में बनी गणेश प्रतिमा की जल यात्रा, पूर्वांग उतरांग, प्रायश्चित, हेमाद्रि स्नान, पंचागंकर्म, आचार्यदिवरण मंडप प्रवेश, मूर्ति व्रणभंग एवं देव विग्रह जलाधिवास का आयोजन होगा।

1 मई :- नित्यान्हिक पूजन, पीठ देवता स्थापन, देव विग्रह धान्याधिवास।

2 मई :- नित्यान्हिक स्थापित देवता पूजन, अग्नि स्थापना, आदि आयोजन होंगे।

3 मई :- नित्यार्चन, देव प्रतिमाओं का गंधाधिवास आदि पूजन होंगे।

4 मई :- नित्यार्चन न्याय विधि आदि पूजन किए जाएंगे।

5 मई :- लोकार्पण समारोह, संत आशीर्वाद, भंडारा, भजन संध्या का आयोजन होगा। आयोजन के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री मोहन यादव होंगे। विशेष अतिथि राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, जीतेंद्र पंड्या, निगम सभापति कलावती यादव भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, नारायण यादव, सुरेश मोढ़, महेश परियानी, रवि सोलंकी, नरेश शर्मा, राजेश सिंह कुशवाह, सुरेंद्र चतुर्वेदी, तरूण उपाध्याय, केदार रावल रहेंगे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *