इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन से विकास को मिलेगी रफ्तार

अभी 125 बसें रोज लगाती हैं फेरे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी भूमिपूजन

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 और बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए इंदौर-उज्जैन फोरलेन को अब सिक्स लेन में बदला जाएगा। इसका भूमिपूजन 19 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर सकती हैं। इंदौर के अरबिंदो हॉस्पिटल के सामने से सिक्स लेन का निर्माण शुरू होगा जो उज्जैन के हरिफाटक रोड तक बनाया जाएगा। इससे इंदौर-उज्जैन के बीच सफर और आसान हो जाएगा।
दरअसल, वर्तमान में उज्जैन से इंदौर के लिए प्रतिदिन करीब 125 बसें चलती हैं।
प्रति बस में अमूमन करीब 30 यात्री सफर करते हैं। इसके अलावा देशभर के श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन करने के लिए फ्लाइट और सड़क मार्ग से इंदौर होते हुए उज्जैन पहुंचते हैं। साथ ही वीआईपी का आना-जाना भी लगा रहता है जिसके चलते यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण हो जाता है।
हालांकि, विशेष मौकों पर निकलने वाली विभिन्न यात्राओं के चलते मार्ग पर जाम भी लगता है जिससे वाहन चालकों को परेशान होना पड़ता है। इस संबंध में बस चालकों का कहना है कि अभी इंदौर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगता है। अमूमन जाम की स्थिति नहीं बनती लेकिन कभी ऐसी स्थिति बनती है तो दिक्कत होना लाजिमी है। अब फोरलेन सिक्स लेन होने जा रहा है जिससे यह दिक्कत भी खत्म हो जाएगी और सफर और सुगम हो जाएगा।
भूमिपूजन के बाद शुरू होगा निर्माण
मप्र सड़क विकास निगम की ओर से टेंडर जारी कर सड़क निर्माण का ठेका दे दिया गया है। भूमिपूजन कार्यक्रम होने के बाद निर्माण भी शुरू हो जाएगा। 46.475 किमी में सिक्स लेन का निर्माण होगा। इसमें 8 फ्लायओवर व कल्वर्ट बॉक्स बनाए जाएंगे। सिंहस्थ 2028 से पहले इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।








